गरीब महिलाओं को 40 हजार लोन का दिया झांसा और उड़ा लिए उनके ही खातों के रुपये

वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव के वार्ड संख्या 9 की रहने वाली इन अशिक्षित और अल्पशिक्षित महिलाओं को 40 हज़ार रूपये लोन देने के नाम पर एक शातिर ठग ने चूना लगा दिया है.....

Update: 2020-09-06 03:15 GMT
लोन के नाम पर ठगी का शिकार हुई महिलाएं

जनज्वार ब्यूरो, पटना। गरीबी की मारी महिलाओं को लोन देने का झांसा देकर शातिरों ने उनके खाते से ही जमा-पूंजी के रुपये उड़ा लिए। लोन देने के नाम पर महिलाओं के आधार नम्बर, बैंक खातों की विवरणी आदि शातिरों ने पहले ही ले लिए थे।

मामला वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड क्षेत्र का है। ठगी की शिकार ये महिलाएं राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव के वार्ड संख्या 9 की रहने वाली हैं।

इस वार्ड की कई महिलाओं को 40 हज़ार रूपये लोन देने के नाम पर एक शातिर ठग ने चूना लगा दिया है। इनमें से कुछ महिलाएं अशिक्षित तो कुछ अल्पशिक्षित हैं, लिहाजा ये आसानी से उनके झांसे में आ गईं।

ठग ने खुद को निजी क्षेत्र के बैंक का मैनेजर बताया और कहा कि उनलोगों को लोन मिलेगा। फिर सबके आधार नंबर, पिन नंबर एवं बैंक का खाता नंबर लेकर चल गया। उसके बाद उन सभी महिलाओं के खाते से उनकी जमा राशि भी निकाल ली।

अब महिलाएं रो-कलप रहीं हैं। वैसे ये लोग गरीब हैं, लिहाजा इनके खातों में कोई बहुत बड़ी राशि तो नहीं थी, पर वही इनकी जमा-पूंजी थी। ठगी की शिकार इन महिलाओं का कहना है कि इनके खातों से लगभग 40 हज़ार रुपये की निकासी की जा चुकी है।

हैरानी की बात है कि महिलाएं न तो उस व्यक्ति को जानती हैं, न ही उसका ठिकाना जानती हैं। इन्होंने बैंक का मैनेजर मानकर डर के मारे ठग से ज्यादा पूछताछ भी नहीं की थी।

ठगी की शिकार बनी महिलाओं ने बताया कि इनके विवरण लेने के बाद वह ठग पुनः 2 सितंबर को आने की बात कह कर गया था। जब नहीं आया तो इन महिलाओं को लगा कि कहीं लोन के पैसे आ गए हों, तो इन लोगों ने अपना खाता अप टू डेट कराया तब पता चला कि रुपए आने के बदले रुपए ही उड़ा लिए गए हैं। इसके बाद ठगी की शिकार महिला मुन्नी देवी, सुनीता देवी आदि ने राजापाकर थानाध्यक्ष को घटना की जानकारी देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।

Tags:    

Similar News