चक्का जाम का बिहार में मिला जुला असर, विपक्षी दल भी सड़क पर उतरे, कई जगह लगा रहा जाम

आज के चक्का जाम के दौरान कई जिलों में राजद, वामदलों तथा जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे, राज्य के तमाम जिलों में भी बंद समर्थकों द्वारा सड़क पर उतरकर प्रदर्शन की खबर है..

Update: 2021-02-06 16:02 GMT

जनज्वार ब्यूरो/पटना। तीन नए कृषि कानूनों के विरुद्ध किसान संगठनों के आज आहूत चक्का जाम का बिहार में मिला जुला असर देखने को मिला। राज्य के विपक्षी दलों राष्ट्रीय जनता दल, सीपीआई, सीपीएम, माले, पप्पू यादव की जन अधिकार पार्टी आदि तमाम दलों ने इस बंद को समर्थन दिया था।

आज के चक्का जाम के दौरान कई जिलों में राजद, वामदलों तथा जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। राजधानी पटना के डाकबंगला चौराहे पर वामदलों और राजद के कार्यकर्ता चक्का जाम के समर्थन में सड़क पर उतरे।


वहीं जन अधिकार पार्टी (लो०) के कार्यकर्ताओं ने दीदारगंज, टॉल प्लाजा के पास NH-30 को जाम कर दिया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। वहीं पार्टी अध्यक्ष पप्पू यादव खुद गजीपुर बॉर्डर पर आंदोलन में शामिल हुए।

वहीं वैशाली, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, सारण, मोतिहारी, दरभंगा, कटिहार, आरा, बक्सर आदि तमाम जिलों में भी विभिन्न दलों के बंद समर्थकों द्वारा सड़क पर उतरकर प्रदर्शन की खबर है।


सारण जिला के परसा में वामदलों के कार्यकर्ताओं ने शीतलपुर-सिवान एसएच 73 को जाम कर दिया। परसा बाजार स्थित दरोगा प्रसाद राय चौक पर बिहार राज्य किसान सभा के सचिव राजेन्द्र राय के नेतृत्व में सड़क जाम कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लम्बी कतारे लगी रहीं।


चक्का जाम का कई जिलों में खासा असर देखा गया तो कई जगह महज सांकेतिक उपस्थिति दिखी। वैसे मुख्य रूप से राजद और वामदलों के कार्यकर्ताओं ने जिलों में चक्का जाम की कमान संभाल रखी थी।

Tags:    

Similar News