चिराग ने कर दी भविष्यवाणी-तय समय से पहले हो सकता है बिहार विधानसभा का अगला चुनाव, तैयार रहें कार्यकर्ता

चिराग ने कहा कि इस चुनाव में लोजपा को 24 लाख वोट मिले, अकेले उतरने के बावजूद पार्टी को लगभग 6 प्रतिशत वोट मिले, यह साबित करता है कि लोजपा का लगातार विस्तार हो रहा है....

Update: 2020-11-28 09:42 GMT

File photo

जनज्वार ब्यूरो, पटना। लोक जनशक्ति पार्टी आज 20 वर्ष की हो गई। आज पार्टी का स्थापना दिवस समारोह मनाया जा रहा है। पार्टी प्रमुख चिराग पासवान पटना में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे हुए हैं। इस बीच चिराग ने एक पत्र जारी कर राज्य में समयपूर्व अगला चुनाव होने का अंदेशा जारी करते हुए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से तैयार रहने की बात कह दी है।

हालिया संपन्न बिहार विधानसभा चुनावों की चर्चा करते हुए चिराग पासवान ने लिखा है कि बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा। इस चुनाव में लोजपा को 24 लाख वोट मिले।

उन्होंने कहा कि चुनाव मैदान में अकेले उतरने के बावजूद पार्टी को लगभग 6 प्रतिशत वोट मिले। यह साबित करता है कि लोजपा का लगातार विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में पार्टी ने अपने विजन बिहार1st बिहारी1st के साथ कभी कोई समझौता नहीं किया।

चिराग की पार्टी लोजपा एनडीए का हिस्सा होने के बावजूद बिहार चुनावों में अकेले उतरी थी। एनडीए में मन मुताबिक सीट नहीं मिलने के बाद लोजपा ने यह फैसला लिया था, हालांकि लोजपा को इस चुनाव में महज 1 सीट पर ही सफलता मिल सकी थी।

इसकी चर्चा करते हुए चिराग ने कहा कि 'बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट' विजन को लेकर ही लड़ने के लिए गठबंधन द्वारा दिए जा रहे 15 सीटों को ठुकरा कर अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया। उल्लेखनीय है कि लोजपा ने 135 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। 

पत्र में चिराग ने लिखा है कि जनता ने बिहार 1st बिहारी 1st विजन डॉक्यूमेंट को खूब सराहा है। इसके साथ ही लगातार नए लोगों के पार्टी के साथ जुड़ने से पार्टी को काफी मजबूती मिली है।

साल 2015 के विधानसभा चुनावों की चर्चा करते हुए चिराग ने कहा कि उस चुनाव में पार्टी ने गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। फिर भी उस समय पार्टी को मात्र दो ही सीटों पर जीत हासिल हुई थी। लिहाजा, उस चुनाव की अगर इस चुनाव से तुलना की जाए तो इस बार पार्टी का प्रदर्शन बेहतर है।

उन्होंने यह भी कह दिया कि बिहार में अगला चुनाव 2025 के पहले भी हो सकता है। उन्होंने इसके लिए तैयार रहने का आह्वान किया। चिराग ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव से बहुत कुछ सीखने को मिला है। लोजपा कार्यकर्ताओं को 243 सीटों का लक्ष्य तय करना है ताकि सभी 243 सीटों पर पार्टी बिहार के लिए अपना विजन रख पाए।

Tags:    

Similar News