नीतीश बोले, सुशांत के पिता मांग करेंगे तो हो सकती है CBI जांच की सिफारिश

नीतीश कुमार ने पहली बार सुशांत की मौत के मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि दो राज्यों के बीच झगड़े जैसी कोई बात नहीं। यहां एफआईआर दर्ज हुई है तो पुलिस का कर्तव्य है कि वह अनुसंधान करे।

Update: 2020-08-01 10:28 GMT

File photo

जनज्वार ब्यूरो, पटना। बॉलीवुड एक्टर और बिहार के लाल सुशांत सिंह राजपूत की संदेहास्पद परिस्थितियों में हुई मौत की जांच के लिए बिहार पुलिस की टीम मुंबई में है। बिहार पुलिस से जुड़े सूत्र बता रहे हैं कि मुंबई में बिहार पुलिस की टीम को अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा। इस बीच 1 जुलाई को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहली बार इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

नीतीश कुमार ने आज स्पष्ट तौर पर कह दिया कि सुशांत के पिता अगर ऐसी कोई मांग करते हैं तो सीबीआई जांच की सिफारिश की जा सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार इस मामले में पूरी तरीके से अपना दायित्व निभा रही है और आगे भी निभाएगी। सुप्रीम कोर्ट में बिहार पुलिस के केस को मुंबई ट्रांसफर करने की रिट दायर की गई, जिसके बाद बिहार सरकार की ओर से भी याचिका दायर कर दी गई है। इसके लिए सीनियर एडवोकेट को नियुक्त किया गया है, जो सारे मामले को देख रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह दो राज्यों के बीच झगड़े का कोई मामला ही नहीं है। एक बार कोई केस दर्ज हो गया, तो उसका अनुसंधान करना संबंधित पुलिस थाने का कर्तव्य हो जाता है और बिहार की पुलिस यही कर रही है। इसमें महाराष्ट्र की पुलिस और सरकार को सहयोग करना चाहिए।

इधर बिहार पुलिस की टीम मुंबई में अपनी जांच कर रही है। पुलिस सुशांत के बैंक खातों से हुई लेनदेन की जानकारी और सुशांत और रिया के दोस्तों की जानकारी जुटा रही है। बिहार पुलिस की टीम को कल अजीबोगरीब स्थिति का सामना भी करना पड़ा था, जब मुंबई के पुलिस थाने से बाहर निकलते वक्त वहां की मीडिया बात करना चाहती थी और मुंबई की पुलिस एक तरह से जबरन बिहार पुलिस के अधिकारियों को वहां से हटा लें गई थी।

Tags:    

Similar News