जदयू MLA गोपाल मंडल का दावा, 6 महीने में गिर जाएगी नीतीश सरकार, फिर तेजस्वी बनेंगे CM

जदयू विधायक ने अपने समुदाय के लोगों की सुरक्षा का सवाल उठाते हुए भाजपा की आलोचना की थी और फिर नीतीश कुमार सरकार गिरने और तेजस्वी यादव की सरकार बनने का दावा किया...

Update: 2021-01-08 05:48 GMT

जनज्वार ब्यूरो/पटना। जनता दल यूनाइटेड के ही एक विधायक ने दावा किया है कि छह महीने के अंदर नीतीश कुमार सरकार गिर जाएगी और फिर राज्य में राजद नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में नयी सरकार का गठन होगा। भागलपुर जिले के गोपालपुर सीट से विधायक गोपाल मंडल का ऐसा दावा करने वाला वीडियो क्लिप वायरल हुआ है और उसे शेयर किया जा रहा है।

गोपाल मंडल के इस बयान से पार्टी और सरकार की फजीहत हो रही है। गोपाल मंडल ने यह बयान अपने इलाके के जातीय प्रभाव की व्याख्या करते हुए दिया है। गोपाल मंडल वीडियो में यह कहते सुने जा रहे हैं कि हमने अपने समुदाय के लोगों का रायफल बैक करवा दिया और वे लोग मार खाते हैं, अभी भी उन दलों के लोग लाठी से मारते हैं और दो लोगों को मार दिया, छह महीने के बाद नीतीश कुमार हटेंगे और तेजस्वी जी मुख्यमंत्री बनेंगे।

इससे पहले उनका ऑडियो क्लिप वायरल हुआ है जिसमें वे भूमिहार व ब्राह्मण को सैंत देने की बात कहते सुने जा रहे हैं। वे भाजपा के रोहित पांडेय पर कटाक्ष करते हुए भी सुने गए। इससे उनकी आलोचना हुई तो सफाई देने के लिए उन्होंने प्रेस कान्फ्रेंस किया।

इस बार फिर उनकी जुबान फिसल गयी और उन्होंने पहले उन्होंने नीतीश को दबंग मुख्यमंत्री बताया लेकिन बाद में कहा कि उनकी सरकार छह महीने में गिर जाएगी। इस प्रेस कान्फ्रेंस के आरंभ में नवगछिया के जदयू अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह कुशवाहा ने ऑडियो क्लिप के लिए माफी मांगी। उन्होंने भाजपा-जदयू में आयी दरार के लिए दुख जताया और कहा कि सामाजिक ताना-बाना नहीं टूटने देंगे लेकिन एक बार फिर जैसे ही गोपाल मंडल ने बोलना शुरू किया वे फिर पार्टी लाइन से बाहर चले गए।

हालांकि बाद में उन्होंने सफाई दी कि भूमिहार व ब्राह्मण को नहीं अपने समाज के लोगों को वे सैतेंगे। उन्होंने खुद को दबंग बताते हुए 25 हजार वोटों से जीतने की बात कही। उन्होंने कहा कि हमारे क्षेत्र की जैसी भौगोलिक स्थिति है उसमें अगर मुंह में बोली नहीं रहेगी तो लोग जिंदा नहीं छोड़ेंगे।

गोपाल मंडल का विवादों से है पुराना नाता

जदयू एमएलए गोपाल मंडल का विवादों से पुराना नाता है। एक बार गर्ल डांसर के साथ नाचते हुए उनका वीडियो वायरल हुआ था, जिस पर उन्होंने अपना बचाव करते हुए कहा था कि वे कलाकार हैं व गांव में पहले नाटक में भाग लेते थे और वे अपने अंदर की कला को रोक नहीं सकते हैं। जहां म्यूजिक बचेगा वहां उनका पैर थिरकेगा ही। इसके साथ उन्होंने यह भी सफाई पेश की कि उन्होंने लड़की को टच नहीं किया वे सिर्फ नृत्य कर रहे थे। उन्होंने यह भी कहा था वे पहले वे हत्या की राजनीति करते थे जिसे फिर शुरू करेंगे। वे खुद को मशल्स पाॅवर वाला बताते रहे हैं।

उन्होंने नीतीश कुमार के शराबबंदी कार्यक्रम के सफल होने पर भी सवाल उठाया था जिसके बाद पार्टी ने उन्हें सस्पेंड कर जवाब मांगा था। वे यह भी कह चुके हैं कि राजनीति में सभी बच्चे हैं और उनका क्या बिगड़ जाएगा।

Tags:    

Similar News