BJP-JDU सरकार की सरपरस्ती में मां दुर्गा भक्तों को बनाया गया निशाना, बड़ी-बड़ी डींगे हांकने वाले मोदी चुप क्यों- कांग्रेस

बिहार के मुंगेर में दुर्गा भक्तों पर लाठीचार्ज को लेकर कांग्रेस ने कहा कि अब जदयू-भाजपा को बिहार और देश को जवाब देना चाहिए, इसकी न्यायिक जांच होनी चाहिए....

Update: 2020-10-27 14:45 GMT

नई दिल्ली। बिहार के मुंगेर जिले के आजाद चौक पर दुर्गा विसर्जन के दौरान देवी दुर्गा के भक्तों पर कथित लाठीचार्ज को लेकर कांग्रेस ने भाजपा और जदयू सरकार पर हमला किया है। 

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, मां दुर्गा के भक्तों को दौड़ा-दौड़ाकर जानवरों की तरह पीटा गया। यही नहीं, नीतीश सरकार की पुलिस ने निहत्थे दुर्गा भक्तों पर गोलियां चलाईं। खबर यह भी है कि अनुराग कुमार नाम के एक मासूम को जदयू-भाजपा पुलिस ने फायरिंग में मौत के घाट उतार दिया तथा दर्जनों घायल हैं। 

उन्होंने कहा कि पुलिस मां दुर्गा के भक्तों से जबरदस्ती करना चाहती थी, जबकि स्थानीय नागरिक चाहते थे कि विधि-विधान पूर्वक तथा धार्मिक मान्यताओं के अनुरुप मां दुर्गा की मूर्ति का विसर्जन करेंगे। इसी दौरान पहले बगैर कारण जबरदस्त लाठीचार्ज हुआ और फिर नृशंस और बर्बर तरीके से गोलियां चलाई गई, जिसमें एख निर्दोष की मौत हो गई, छह से अधिक लोगों की हालत गंभीर है और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। 

सुरजेवाला ने आगे कहा कि नीतीश कुमार और भाजपा की सरपरस्ती में बिहार में दुर्गा मां के उपासकों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद भाजपा जदयू की अधर्मी सत्ता को एक मिनट भी सरकार में बने रहने का हक नहीं है। यह सरकार न सिर्फ श्राप और पाप की भागी है बल्कि इसे नैतिकता के नाते क्षण भर भी कुर्सी पर बने रहने का हक नहीं है। 

उन्होंने कहा कि दुर्गा भक्तों पर यह लाठी गोली कांड भाजपा-जदयू के इशारे पर किया गया है। पर बड़ी-बड़ी डींगे भरने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब चुप क्यों हैं? केंद्रीय मंत्री, रविशंकर प्रसाद, गिरीराज सिंह, आर.के. सिंह, नित्यानंद राय कहां छिपे बैठे हैं और एक शब्द क्यों नहीं बोल पा रहे हैं? उनकी चुप्पी इस लाठी गोली कांड में उनकी प्रत्यक्ष और परोक्ष संलिप्तता की ओर इशारा करती है। 

कांग्रेस ने कहा कि अब जदयू-भाजपा को बिहार और देश को जवाब देना चाहिए। इसकी न्यायिक जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस दुष्कर्म का सबक बिहार की जनता सिखाएगी। 

Tags:    

Similar News