बिहार : सड़क को बांस-बल्ले से बंद कर पुलिस पर किया हमला और छुड़ा लिया आरोपितों को

घटना बिहार के सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र की बताई जाती है। हमले में थानाध्यक्ष सहित छह पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। पुलिस ने इस मामले में 5 महिलाओं सहित 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

Update: 2020-08-04 15:51 GMT

जनज्वार ब्यूरो, पटना। बिहार के सारण जिला के अमनौर थाने की पुलिस पर हमला कर लोगों ने आरोपितों को छुड़ा लिया। भूमि विवाद सुलझाने गई पुलिस इन आरोपितों को अपनी गाड़ी में बिठा कर थाने ला रही थी, तभी लोगों ने घेर लिया और हमला कर दिया। हमले में थानाध्यक्ष सहित कई पुकिसकर्मी घायल बताए जाते हैं।

घटना सारण जिला के अमनौर थाना क्षेत्र के पकड़ी महम्मद गांव की बताई जाती है। यहां एक विवादित जमीन पर एक पक्ष द्वारा जबरन मकान निर्माण कराने की शिकायत पर स्थानीय थाने की पुलिस पहुंची थी। पुलिस ने वहां से दो लोगों को हिरासत में लिया और उन्हें लेकर थाने आ रही थी। रास्ते में स्थानीय लोगों ने गाडी पर हमला बोल दोनों को छुडा लिया।

हमले में पुलिस गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गयी, वही थानाध्यक्ष सहित छः पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना मंगलवार शाम की है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, गांव के दीना राय व राजेंद्र राय के बीच जमीनी विवाद चल रहा था, जिसका मामला कोर्ट में भी है। वहां एक पक्ष द्वारा विवादित जमीन पर मकान बनाया जा रहा था। प्रशासन के मना करने के बाद भी निर्माण कार्य किया जा रहा था।

इसकी शिकायत पर अमनौर पुलिस मौके पर पहुंची और दीना राय के पुत्र व निर्माण कर रहे एक मजदूर को पकड़कर पुलिस गाडी मे थाने ला रही थी। जिसके बाद दर्जनों की संख्या में महिला व पुरुषों ने जौहरी पकड़ी के पास सड़क को बांस बल्ले से जाम कर दिया और वहां गाडी पहुचते ही पुलिस गाड़ी पर हमला बोल दिया। आक्रोशित लोगों ने पकड़े गये दोनों आरोपितों को भी छुड़ा लिया। हमले में पुलिस गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं थानाध्यक्ष विश्वमोहन राम सहित छः पुलिसकर्मी घायल हो गये। सभी का उपचार अमनौर पीएचसी मे कराया गया।

घायल पुलिसकर्मियों में थानाध्यक्ष के आलावा एएसआई एम कुमार यादव, हवलदार श्रीराम निवास राम, सिपाही राहुल कुमार राज,उपेंद्र सिंह चालक अरविंद कुमार सिंह शामिल हैं। इधर घटना की सुचना के बाद मढौरा, भेल्दी व मकेर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंच घटना में शामिल पांच महिलाओं सहित आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

थानाध्यक्ष विश्वमोहन राम ने कहा 'कानून को हाथ में लेने वाले को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा। इस मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी।' 


Tags:    

Similar News