सुशासन राज: बिहार में थम नहीं रहे वारदात, समस्तीपुर में वार्ड सदस्य की गोली मारकर हत्या

समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में अपराधियों ने वार्ड सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी है, हत्या के कारणों का खुलासा अब तक नही हो पाया है..

Update: 2021-01-21 06:59 GMT

[ प्रतीकात्मक तस्वीर ]

जनज्वार ब्यूरो/ पटना। बिहार में आपराधिक वारदातें थमने का नाम नहीं ले रहीं। सरकार और पुलिस प्रशासन के लाख दावों के बावजूद अपराधी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला राज्य के समस्तीपुर जिला का है। यहां अपराधियों ने एक वार्ड सदस्य यानि पंच की गोली मारकर हत्या कर दी है।

घटना के बारे में बताया जाता है कि समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में अपराधियों ने वार्ड सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के पुरवारीपट्टी गांव की है। हत्या के कारणों का खुलासा अब तक नही हो पाया है।

बताया जाता है कि समस्तीपुर जिला के मालपुर गांव के वार्ड संख्या सात के वार्ड सदस्य 42 वर्षीय कैलाश साह बुधवार की रात अपनी आटा चक्की की दुकान बंद कर वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने इनके सिर में गोली मार दी।

गोली चलने की आवाज सुनने के बाद जुटे ग्रामीण इन्हें घायल अवस्था में समस्तीपुर सदर अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उनकी मौत हो गई। दलसिंहसराय पुलिस के अनुसार हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।

पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बताया जा रहा है कि इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है।

Tags:    

Similar News