किन्नर के साथ युवक ने लिए सात फेरे, परिवार के ऐतराज पर दोनो ने साथ मरने-जीने का लिया फैसला

दोनों पहले मैरवा के आसपास ठेला लगाकर काम करते थे। यहीं से दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हुआ। इसके बाद किन्नर रोहित ने गोपालगंज के मीरगंज में एक डांस पार्टी ज्वॉइन कर ली...

Update: 2021-09-13 07:44 GMT

(किन्नर के साथ युवक की शादी का वायरल हो रहा वीडियो)

जनज्वार, सिवान। बिहार के सिवान में एक शादी लोगों के बीच खासी चर्चा का विषय बनी हुई है। मामला मैरवा शाना क्षेत्र के लंगड़ापुरा गांव का है जहां विकास नामक युवक ने रोहित गोंड़ नामक किन्नर से शादी कर ली। दोनों के शादी वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

दरअसल, विकास और रोहित एक ही गांव के रहने वाले हैं। दोनों पहले मैरवा के आसपास ठेला लगाकर काम करते थे। यहीं से दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हुआ। इसके बाद किन्नर रोहित ने गोपालगंज के मीरगंज में एक डांस पार्टी ज्वॉइन कर ली। प्यार में पहले से दिल हार चुके विकास भी रोहित के साथ डांस पार्टी में काम करने लगा।

दोनों पिछले छह महीने से एक दूसरे से प्यार करते है औऱ कुछ दिनों पहले दोनों ने हिन्दू रीति रिवाज से शादी कर ली। वायरल वीडियों में साफ देखा जा सकता है कि किन्नर समाज के लोगों की मौजूदगी में दोनों ने एक दूसरे के साथ सात फेरे लिए।

युवक के परिवार को किन्नर बहू मंजूर नहीं

शादी के बाद शुक्रवार 10 सितंबर को युवक विकास पत्नी रोहित को लेकर अपने घर पहुंचा। लोकिन युवक के परिवार वालों ने दोनों को घर के अंदर आने की इजाजत नहीं दी। विकास के परिवार वालों का कहना है की दोनों ने मजाक में शादी कर ली। दो दिन पहले विकास घर से काम को लेकर बाहर जाने की बात कहकर गया था, और अब शादी करके आया है।

परिवार ने कहा कि इस शादी को हम मान्यता नहीं देते। परवार के लोगों की मानें तो दोनों को रिश्ते के बारे में उन्हें पहले से कोई जानकारी नहीं थी। वीडियो वायरल होने के बाद उन्हे जानकारी हुई। दोनों के विवाह की खबर से सभी दंग है। वहीं, विकास और रोहित अपने फैसले पर कायम हैं। दोनों का कहना है कि दोनों अब साथ ही रहेंगे।

Tags:    

Similar News