Jaipur News : बर्गर में निकले बिच्छू का आधा हिस्सा खा गया युवक अस्पताल में भर्ती, रेस्त्रां पर दर्ज हुई FIR

Jaipur News : अचानक मुंह कुछ अजीब सा स्वाद आने पर देखा तो बर्गर में बिच्छू का हिस्सा नजर आया। यह देखकर युवक हड़बड़ा गया। घबराहट से उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में वह जयपुरिया अस्पताल भेजा गया...

Update: 2021-09-21 11:14 GMT
(बर्गर में निकला बिच्छू photo-socialmedia)

Rajasthan News (जनज्वार) : रजस्थान के जयपुर स्थित एक नामी-गिरामी रेस्त्रां में बर्गर के अंदर बिच्छू निकलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोस्त के साथ रेस्त्रां में युवक ने बर्गर के साथ बिच्छू का आधा हिस्सा भी खा लिया। पहले तो घटना में रेस्त्रां मालिक ने युवक को अर्दब में लेने की कोशिश की लेकिन बाद में युवक ने एफआईआर दर्ज करा दी।

जानकारी के मुताबिक, जवाहर सर्किल थाना पुलिस के अनुसार शांति कॉलोनी, एयरपोर्ट रोड का रहने वाला 22 साल का तरुण सैनी अपनी दोस्त के साथ 17 सितंबर की रात लगभग साढ़े 8 बजे एक रेस्त्रां में बर्गर खाने गया था। वहां उसने दो बर्गर ऑर्डर किए। एक बर्गर दोस्त को दिया। दूसरा तरुण खुद खाने लगा। कागज में पैक बर्गर खोलकर आधा हिस्सा चबाने लगा तो स्वाद बदल गया।  

थोड़ी ही देर में अचानक मुंह कुछ अजीब सा स्वाद आने पर देखा तो बर्गर में बिच्छू का हिस्सा नजर आया। यह देखकर युवक हड़बड़ा गया। घबराहट से उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में वह जयपुरिया अस्पताल भेजा गया। उसे ऑब्जर्वेशन के लिए डॉक्टरों ने भर्ती कर लिया है। दवा देकर उपचार किया। इसके बाद युवक ने मैनेजर के खिलाफ जवाहर सर्किल थाने में केस दर्ज करवाया है।

युवक की तबियत बिगड़ने पर रेस्त्रां में हंगामा खड़ा हो गया। उसके साथियों ने रेस्त्रों के स्टाफ से पूरे मामले में बात की। युवकों का आरोप है कि शिकायत करने पर वहां मौजूद स्टाफ ने बर्गर छीनकर अलग कर दिया। रेस्त्रां के स्टाफ द्वारा बर्गर छीनते ही युवक ने मौके पर हंगामा कर दिया। युवकों ने रेस्त्रां के मैनेजर पर भी अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। 

100 नंबर सूचना पर पहुँची पुलिस

बर्गर में बिच्छू निकलने के बाद युवक ने 100 नंबर पर कॉल कर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान भी मैनेजर ने युवक को अपने कैबिन में घुसने नहीं दिया। हंगामा होता देख मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। इस बीच युवक की तबीयत खराब होने लगी। उसे अस्पताल पहुंचाया गया। रेस्त्रां पर आरोप लगाने वाला तरण सैनी जयपुर का ही रहने वाला है। तरुण सांगानेर इलाके में रहता है। अपनी एक महिला मित्र के साथ रेस्त्रां में खाना खाने पहुंचा था।

काफी देर हंगामा चलने के बाद पुलिस ने मामला शांत करवाया। तरुण को जयपुरिया सेटेलाइट अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने तरुण को इलाज के लिए भर्ती कर लिया। उसके सैंपल भी लिए गए। मेडिकल लीगल रिपोर्ट तैयार कर सैंपल को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भिजवाया गया। इस बीच तरुण ने 19 सितंबर को देर रात रेस्त्रां के मैनेजर के खिलाफ जवाहर सर्किल थाने में मुकदमा दर्ज करवा दिया।

Tags:    

Similar News