विधवा म​हिला को मिली प्रेम करने की सजा, सिर मुंडवाकर प्रेमी संग मुंह पर पोती कालिख और घुमाया गांव

इस घटना के पीछे महिला को पैतृक संपत्ति से बेदखल करने की साजिश को एक वजह बताया जा रहा है। महिला का कोई सगा भाई नहीं है और वह अपने मायके में रह रही है...

Update: 2020-08-26 15:21 GMT

यूपी में कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कोतवाली के गांव बनियानी में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई

जनज्वार। यूपी में कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कोतवाली के गांव बनियानी में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक महिला के पति की दो साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद से महिला अपने मायके में ही रहने लगी थी। महिला को पड़ोसी दिव्यांग के साथ देखने पर लोगों ने बंधक बनाकर उसका मुँह काला किया, फिर बाल मुँडवाकर पूरे गाँव में घुमाया। इस मामले में कहा जा रहा है कि महिला का कोई सहोदर भाई नहीं है, इस कारण पैतृक संपत्ति से उसे बेदखल करने के लिए यह कुल लोगों ने उसके खिलाफ साजिश रची।

घटना बीती रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। देखने वालों का कहना है कि दोनों आपत्तिजनक हालत में थे। इसके बाद मौजूद लोगों नो दोनो को बंधक बना लिया। कमरे में बंधक बनाने के बाद महिला के चाचा और भतीजों ने दोनों को बेरहमी से पीटा। सुबह करीब सात बजे दिव्यांग और महिला का सिर मुंडवा दिया। इसके बाद चेहरे पर कालिख पोती गई और जूतों-चप्पलों की माला डालकर दोनों को पूरे गांव में घुमाया गया।

किसी ने जाकर पूरी घटना गाँव के प्रधान को बताई। इसके बाद गांव के प्रधान और कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर महिला और दिव्यांग व्यक्ति को छुड़वाया। एएसपी विनोद कुमार ने बताया घटना के बाद गाँव में पुलिस टीम को भेजा गया है। मामले की जानकारी ली जा रही है। अभी तक दूसरे पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

बताया जा रहा है कि महिला के पति ने 2 साल पहले सुसाइड कर लिया था। महिला के 5 बच्चे हैं। बड़ी बेटी की दो साल पहले शादी कर दी थी। शादी के एक महीने बाद पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। तब से महिला का पड़ोस में रहने वाले दिव्यांग से प्रेम-प्रसंग चलने लगा था। ऐसा विधवा महिला के परिजन और गाँव वाले कह रहे हैं।

बताया जा रहा है कि महिला की शादी करीब 22 साल पहले फर्रुखाबाद के कायमगंज थाना स्थित महमूदपुर गांव में हुई थी। महिला का कोई भाई न होने के कारण पति उसके साथ करीब 15 साल से बनियानी गांव में रहता था। महिला की जमीन हड़पने को लेकर उसके चाचा और भतीजों में रंजिश चलने की बात भी सामने आ रही है। तो कुछ ग्रामीणों का यह भी कहना है कि जमीन विवाद और उसकी खुन्नस निकालने के लिए विधवा महिला के रिश्तेदार यह आरोप लगाकर बेदखल करना चाहते हैं।

Tags:    

Similar News