चमोली सूमो हादसा: खाई में गिरते ही परखच्चे उड़ गए थे टाटा सूमो के, दो साल से निर्माणाधीन थी सड़क, पुलिस ने जारी की 11 मृतकों की सूची

Chamoli Sumo accident। उत्तराखंड के चमोली जिले की उर्गम घाटी में निर्माणाधीन उर्गम-पल्ला जखोला मोटर मार्ग पर हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले 11 लोगों की सूची चमोली पुलिस ने जारी कर दी है। मृतकों में दो महिलाएं व दो सगे भाइयों सहित नौ पुरुष शामिल हैं।

Update: 2022-11-18 16:45 GMT

चमोली सूमो हादसा: खाई में गिरते ही परखच्चे उड़ गए थे टाटा सूमो के, दो साल से निर्माणाधीन थी सड़क, पुलिस ने जारी की 11 मृतकों की सूची

Chamoli Sumo accident। उत्तराखंड के चमोली जिले की उर्गम घाटी में निर्माणाधीन उर्गम-पल्ला जखोला मोटर मार्ग पर हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले 11 लोगों की सूची चमोली पुलिस ने जारी कर दी है। मृतकों में दो महिलाएं व दो सगे भाइयों सहित नौ पुरुष शामिल हैं। हादसे में तीन लोग घायल हैं, जबकि दो लोग बिलकुल ठीक हैं। शुक्रवार दोपहर बाद तीन बजे के समय पल्ला गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिरी इस टाटा सूमो के खाई में गिरते ही परखच्चे उड़ गए थे।

बताते चले कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन जोशीमठ से सवारियों को लेकर किमाणा गांव जा रहा था। जो पल्ला गांव के पास अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरा। ग्रामीणों द्वारा दुर्घटना का कारण वाहन का ओवर लोड होना बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति इस हादसे से ठीक पहले गाड़ी से उतर गया था। जबकि गाड़ी की छत में बैठे दो मजदूर और दो स्थानीय लोग खाई में गिरने से पहले कूद गए जिससे उनकी जान बच गई। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर एक मैक्स जोशीमठ से सवारियों को लेकर किमाणा गांव जा रही थी। करीब 3:30 बजे पल्ला गांव के समीप खड़ी चढ़ाई पर मैक्स आगे नहीं बढ़ पाई। चालक ने इस चढ़ाई पर वाहन जब पीछे सरकते देखा तो उस पर सवार किमाणा गांव का जीतपाल सिंह व अन्य व्यक्ति को उतारकर गाड़ी रोके रखने के लिए उसके टायर में पत्थर अड़ाने को कहा। लेकिन गाड़ी को रोकने के लिए टायर में अड़ाए गए पत्थर वाहन ओवर लोड होने के कारण पत्थर पर गाड़ी का टायर पार कर वाहन तेजी से पीछे की ओर आने लगा। जिससे हकाबकाये चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया। जिसके बाद देखते ही देखते कुछ ही पलों में यात्रियों से भरी यह गाड़ी 500 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। खाई में गिरते ही इस गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।


सूचना पर पहुंची एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चला रही है। घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उर्गम लाया गया है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीमों के साथ ही स्थानीय लोग देर रात तक बचाव अभियान में जुटे रहे। डीएम हिमांशु खुराना और एसपी प्रमेंद्र डोबाल भी मौके पर बने हुए हैं।

चमोली पुलिस का अपडेट

इस हादसे के बाद मृतकों व घायलों की अलग अलग संख्या के चलते पैदा हो रहे भ्रम को दूर करने के लिए चमोली पुलिस ने स्टेटमेंट जारी करते हुए बताया कि आज दिनांक 18/11/2022 को कोतवाली जोशीमठ पुलिस को सूचना मिली की उर्गम-पल्ला जखोला मोटर मार्ग पर एक टाटा सूमो वाहन संख्या UK07TA- 6453 अनियंत्रित होकर पल्ला गांव के समीप समय लगभग 3 बजे सड़क से लगभग 500 मीटर नीचे गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है, जिसमें 16 लोग सवार थे। सूचना पर कोतवाली जोशीमठ का पुलिस बल,एसडीआरएफ व स्वयं पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल महोदय घटनास्थल पर पहुँचे। घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन में पुलिस बल द्वारा तत्काल राहत एंव बचाव कार्य प्रारम्भ कर 03 घायलों को तत्काल उपचार हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ल्यारी थैना भिजवाया गया। पुलिस, एसडीआरएफ बल द्वारा राहत एंव बचाव कार्य जारी है। पुलिस अधीक्षक महोदय मौके पर मौजूद है। इसके साथ ही पुलिस ने मिली सूचना के आधार पर मृतक/घायलों/स्वस्थ व्यक्तियों की सूची भी जारी की है।


मृतकों के नाम/पते

1. दलीप सिंह चौहान पुत्र धन सिंह निवासी उछ ग्वाड (51 वर्ष)

2. सिताब सिंह चौहान पुत्र धन सिंह निवासी उछ ग्वाड (61 वर्ष)

3. सुबोध सिंह पुत्र प्रेम सिंह निवासी किमाणा (27 वर्ष)

4. विक्रम सिंह पुत्र मंगल निवासी कलकोट (43 वर्ष)

5. कश्मीरा देवी पत्नी जीतपाल निवासी किमाणा (46 वर्ष)

6. लक्ष्मण सिंह पुत्र बचन सिंह निवासी कलकोट (37 वर्ष)

7. ताजवर सिंह पुत्र नैन सिंह निवासी डुमक (46 वर्ष)

8. राजेश्वरी पत्नी ताजवर निवासी डुमक (43 वर्ष)

9. गजेंद्र सिंह पुत्र शेर सिंह ग्राम निवासी जखोल (50 वर्ष)

10. रणजीत सिंह पुत्र अमर सिंह ग्राम निवासी पल्ला (70 वर्ष)

11. गब्बर सिंह पुत्र नैन सिंह निवासी सुभाई (70 वर्ष)

घायलों के नाम/पते

1. अजीत यादव पुत्र भारत सिंह निवासी इलाहाबाद

2. रोहित प्रजापति पुत्र जसवीर सिंह निवासी हापुड़

3. महावीर सिंह पुत्र शेर सिंह

स्वस्थ व्यक्तियों के नाम/पते

1. हेमन्त चौहान पुत्र जवाहर निवासी कलकोट

2. जीतपाल पुत्र हरि सिंह निवासी किमाणा

तीन साल से कछुआ गति से बन रही है यह सड़क

बताया जा रहा है कि जिस जगह यह दुर्घटना हुई है, वह सड़क लंबे समय से निर्माणाधीन है। ग्यारह किलोमीटर लंबी यह उर्गम-पल्ला जखोला सड़क वर्ष 2020 से निर्माणाधीन है। जिसका इन दिनों नौ किलोमीटर पर स्थित उछों ग्वाड़ गांव के समीप सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क का अधिकतर हिस्सा चट्टानी है। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई है, वहां तीखी खड़ी चढ़ाई है। इसके साथ ही डांग गदेरे पर पुल भी निर्माणाधीन है।

Tags:    

Similar News