Champawat News: चंपावत में बारात से लौट रहा वाहन खाई में गिरा, 14 की मौत

Update: 2022-02-22 05:19 GMT

Champawat News: टनकपुर से बारात को लेकर जा रही एक ओवरलोडेड मैक्स जीप खाई में गिर जाने से मैक्स जीप में सवार 14 लोगों की मौत हो गयी। तड़के तीन बजे के आस-पास हुए इस हादसे का पता भी काफी देर से चला। जिस वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुई इस जीप के अधिकांश यात्रियों को कोई फौरी मदद नहीं मिल पाई। हादसे के वक्त इस जीप में 16 लोग सवार बताए जा रहे हैं। जिसमें से चालक सहित दो को छोड़कर सभी की मौत हो गयी।टनकपुर-चम्पावत हाईवे से जुड़ी सूखीढांग-डांडामीनार रोड पर बुुड़म से लगभग तीन किलोमीटर आगे यह हादसा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार मैक्स वाहन संख्या-यूके 04,टीए- 4712 में सवार सभी लोग टनकपुर के पंचमुखी धर्मशाला में हुई शादी में शामिल होकर घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि बीती रात 3 बजकर 20 मिनट के आस-पास मैक्स अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। सभी लोग ककनई निवासी लक्ष्मण सिंह के पुत्र मनोज सिंह की शादी में शामिल होने गए थे। अधिकांश मृतक लक्ष्मण सिंह के सगे संबंधी बताए जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस व रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई।


सभी 14 शवों को खाई से बाहर निकाला गया है। दुर्घटना में चालक सहित गंभीर रूप से घायल दो लोगों को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। जहां उनका उपचार किया जा रहा है। इनमें से चालक की हालत ज्यादा गंभीर है। मृतक ककनई के डांडा और कठौती गांव के हैं। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। लेकिन मैक्स जीप में 16 सवारियां होने की वजह से माना यह जा रहा है कि क्षमता से अधिक सवारी होने से यह दुर्घटना हुई है।

Tags:    

Similar News