Dehradun News: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ पुलिस में तहरीर, बिना तिरंगे के घर की फोटो खींचने का मामला

Dehradun News, Dehradun Samachar। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा हल्द्वानी में तिरंगे के संदर्भ में दिए गए विवादित बयान का मामला तूल पकड़ने लगा है। उत्तरकाशी जनपद के पुरोला निवासी एक एडवोकेट ने देहरादून भाजपा नेता के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है।

Update: 2022-08-13 10:02 GMT

Dehradun News, Dehradun Samachar। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा हल्द्वानी में तिरंगे के संदर्भ में दिए गए विवादित बयान का मामला तूल पकड़ने लगा है। उत्तरकाशी जनपद के पुरोला निवासी एक एडवोकेट ने देहरादून भाजपा नेता के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है।

मालूम हो कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने केन्द्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत हल्द्वानी में बयान दिया था कि जिस घर पर तिरंगा लगा नही दिखेगा उस घर के लोगों का कोई विश्वास नहीं करेगा। अतिरेक में भाजपा नेता कार्यकर्ताओं से ऐसे घरों की फोटो खींचकर उन्हें भेजने की बात भी कह गए।

भाजपा नेता के मुंह से निकली इस बात का वीडियो वायरल होते ही भाजपा नेता विपक्ष के खासे निशाने पर आ गए थे। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन मेहरा, पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित तमाम नेता उन पर हमलावर होने लगे थे। उन्हें खास तौर पर इसलिए भी निशाना बनाया जाने लगा था कि उनके पितृ संगठन राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा 52 सालों तक अपने नागपुर स्थित संघ मुख्यालय पर कभी भी राष्ट्रीय ध्वज न फहराने के बावजूद उन्होंने कभी इस बात के लिए अपने संगठन पर उंगली नहीं उठाई थी। हालांकि बढ़ते विवाद के बाद शुक्रवार को उन्होंने स्पष्टीकरण देते हुए अपने मुंह से निकले शब्दों को दूसरा रूप देने की कोशिश भी की थी। लेकिन उनकी कही हुई बात का प्रमाण वीडियो में होने के कारण उनका यह प्रयास सफल न हो सका था।

अब इसी मामले में उत्तरकाशी जिले के पुरोला निवासी एक एडवोकेट देवेन्द्र सिंह राणा ने देहरादून की धारा पुलिस चौकी में भाजपा नेता महेन्द्र भट्ट के खिलाफ तहरीर देकर पुलिस से मामले में भाजपा नेता के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। अधिवक्ता राणा द्वारा दी गई तहरीर में उन्होंने हल्द्वानी में भाजपा नेता द्वारा दिए गए बयान को आधार बनाते हुए कार्यवाही की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने अधिवक्ता की इस तहरीर को जांच तलब किया हुआ है।

Tags:    

Similar News