राष्ट्रवादी कांग्रेस अध्यक्ष बोले जनता भूलकर भी न दे भाजपा को वोट

Update: 2017-11-18 15:05 GMT

राष्ट्रवादी कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा भाजपा ने गुजरात से उपजे वैश्विक पहचान वाले तीन महान नेताओं महात्मा गांधी, सरदार पटेल, मोरार जी देसाई का किया है अपमान...

अहमदाबाद, गुजरात। गुजरात विधानसभा चुनावों के परिप्रेक्ष्य में आदर्शवादी कांग्रेस पार्टी  के अध्यक्ष ब्रजेंद्र दत्त त्रिपाठी ने कहा कि गुजरात की जनता को पूरे देश के लिये एक स्पष्ट सन्देश देना होगा, हर एक व्यक्ति को सौगंध खाकर प्रण लेना चाहिए कि हम भारतीय जनता पार्टी का न समर्थन करेंगे न वोट देंगे।

ब्रजेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात से उपजे वैश्विक पहचान वाले तीन महान नेताओं महात्मा गांधी, सरदार पटेल, मोरार जी देसाई का अपमान किया है। ये जननेता जीवनभर जिन मूल्यों के लिये लड़ते रहे और अपना जीवन उत्सर्ग कर दिया, उन मूल्यों, आदर्शों और शुचिता को नष्ट करने का श्रेय पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी को है।

ब्रजेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में ईवीएम मशीनों में भाजपा ने धांधली की। चुनावों के दौरान अत्यधिक धन-बल का प्रयोग कर लोकतंत्र का अपहरण कर लिया गया, गुजरात प्रदेश में कोशिश की जानी चाहिए कि यह स्थितियां न दोहराई जाएं।

नोटबन्दी के मुद्दे पर बोलते हुये त्रिपाठी ने कहा कि जब 500 के नोट चलाने ही थे 1000 के नोट की जगह 2000 का नोट बाजार में लाना ही था तो नोटबंदी का क्या औचित्य था। साफ दिखायी पड़ता है कि नये नोट छापने वाली एजेन्सियों से मोटी रकम घूस में ली गयी है। भाजपा ने अपने कुकृत्यों पर परदा डालने के लिये चहेते पपेट को रिजर्व बैंक का गवर्नर बना दिया गया।

जनता वोट दे तो किसे? के जवाब में आदर्शवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष त्रिपाठी ने कहा कि जनता उसी पार्टी के प्रत्याशी को वोट दे जो यह घोषणा करे की नोटबंदी वापस ली जायेगी, जीएसटी वापस लिया जायेगा, एफडीआई वापस ली जायेगी, बढ़ा हुआ रेल किराया-भाड़ा वापस लिया जायेगा। प्रधानमंत्री समेत सभी सरकारी लोगों की अनावश्यक अंतरराष्ट्रीय घुमक्कड़ी बंद की जायेगी। आधार पहचान पत्र परियोजना बंद की जायेगी, राष्ट्रीय धन का मनमाना दुरूपयोग करने वाले जिम्मेदार लोगों पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा चलाया जायेगा।

Similar News