प्रेम करके शादी करने वाले औरत-मर्द को ग्रामीणों ने गांव में घुमाया नंगा

Update: 2018-07-08 11:21 GMT

हम कितने कायर समाज में रहते हैं कि बलात्कारियों को सजा देने के लिए तो हम पुलिस, थाने और कचहरी की बाट जोहते हैं, लेकिन प्रेम करने वालों के लिए खुद ही फैसला, फरमान और सजा तैयार रखते हैं...

सुशील मानव की रिपोर्ट

जनज्वार। आपने कभी किसी बलात्कारी की ऑनर किलिंग हुई हो ऐसा सुना है क्या? आपने कभी किसी बलात्कारी को नंगा करके पूरे गांव में नंगा घुमाये जाने खबर देखी सुनी या पढ़ी है क्या? नहीं ना?

लेकिन अब तक आपका सामना प्रेमी जोड़ों की ऑनर किलिंग की अनगिनत खबरों से हुआ होगा। प्रेमी जोड़ों को नंगे करके पूरे गांव की परेड कराने की सैकड़ों खबरें देखी—सुनी होंगी।

गांव के पंचायत में पंचों सरपंचों द्वारा प्रेम करने के अपराध में प्रेमिका से गांव के लड़कों को सरेआम बलात्कार करने की सजा भी दी गई है, ये भी इसी देश में हुआ है।

ये बलात्कारियों का देश है। आप चाहें तो बलात्कार कर लें, पर यहां प्रेम करना गुनाह है। प्रेम करेंगे तो यहां उसके लिए सजा भी मिलेगी।

6 जुलाई को राजस्थान के उदयपुर के सरे गांव की महिला काे पूर्व पति ने निर्वस्त्र करके उसे और उसके प्रेमी को पूरे गांव में घुमाया और मोबाइल से उनका वीडियो भी बनाया।

बताया जा रहा है कि महिला की पहली शादी 5 साल पहले हुई थी। किसी कारणवश महिला और उसके पति दोनों एक दूसरे से अलग हो गए थे। इसके बाद महिला ने दूसरे गांव के एक लड़के से शादी कर ली थी।

दूसरी शादी की खबर लगते ही उसका पहला पति बौखला गया और उसने दोनों को सबक सिखाने की ठानी थी। बताया जा रहा है महिला ने गुपचुप तरीके से दूसरी शादी कर ली थी।

महिला जब अपने दूसरे पति से एक जगह मिल रही थी तभी उसका पहला पति अपने शोहदों दोस्तों के साथ वहां पहुंच गया और मारपीट करने के बाद दोनों के कपड़े उतरवा कर दोनो को रस्सी से बांधकर पूरे गांव की परेड करवाई।

लोग तमाशबीन बनकर प्रेमी युगल को निर्वस्त्र गांव में घुमाने का तमाशा देख रहे थे। पूरे गांव में किसी ने भी पीड़ितों की मदद की कोशिश नहीं की, उल्टे लोग इस घृणित कृत्य का वीडियो बना रहे थे।

एसपी हर्ष रतनू ने कहा, 'इस मामले को दर्ज कर लिया गया है और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच जारी है।

Tags:    

Similar News