Breaking : चुनाव आयोग ने घोषित की 5 राज्यों में विधानसभा चुनावों की तारीख, सबसे पहले मिजोरम और छत्तीसगढ़ में होगी वोटिंग

मिजोरम, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मध्य प्रदेश की विधानसभा सीटों को मिलाया जाए तो कुल सीटें 679 होंगी। इस समय मिजोरम में 8.52 लाख, छत्तीसगढ़ में 2.03 करोड़, मध्य प्रदेश में 5.6 करोड़, राजस्थान में 5.2 करोड़ और तेलंगाना में 3.17 करोड़ मतदाता हैं...

Update: 2023-10-09 07:51 GMT

file photo

Big Breaking : चुनाव आयोग ने आज 9 अक्टूबर को 5 राज्यों में इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों के तारीखों का ऐलान कर दिया है। सबसे पहले चुनाव मिजोरम और छत्तीसगढ़ में पहले चरण की वोटिंग होगी। अब से एक महीने से भी कम वक्त के बाद यानी अगले महीने 7 नवंबर को वहां वोटिंग होनी है।

उसके बाद मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की दूसरे चरण की वोटिंग की तारीख 17 नवंबर तय की गयी है। राजस्थान में 23 और तेलंगाना में 30 नवंबर को वोटिंग होगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि इन पांचों राज्यों के चुनाव नतीजों की घोषणा 3 दिसंबर को होगी। 

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने पांच राज्यों में चुनाव की तारीखों घोषणा करने के साथ ही कहा, 'पांच राज्यों में आगामी विधानसभा चुनाव 2023 के लिए 679 विधानसभा क्षेत्रों में 1.77 लाख मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। 17,734 मॉडल मतदान केंद्र होंगे, 621 मतदान केंद्रों का प्रबंधन PwD कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा, और 8,192 केंद्रों पर महिलाएं कमान संभालेंगी।'

प्रेस को संबोधित करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त मुख्य राजीव कुमार ने कहा, 'मिजोरम, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मध्य प्रदेश की विधानसभा सीटों को मिलाया जाए तो कुल सीटें 679 होंगी। इस समय मिजोरम में 8.52 लाख, छत्तीसगढ़ में 2.03 करोड़, मध्य प्रदेश में 5.6 करोड़, राजस्थान में 5.2 करोड़ और तेलंगाना में 3.17 करोड़ मतदाता हैं। इन सभी को मिलाकर कुल 8.2 करोड़ पुरुष और 7.8 करोड़ महिला मतदाता हैं।'

उन्होंने आगे कहा, मिजोरम में विधानसभा चुनाव 7 नवंबर को होगा। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव 7 नवंबर और 17 नवंबर को दो चरणों में होगा। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 17 नवंबर को होगा। राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 23 नवंबर को होगा। तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 30 नवंबर को होगा। सभी राज्यों में मतगणना 3 दिसंबर को की जायेगी। 

चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के साथ ही कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट किया है, '17 नंबर की तारीख मध्य प्रदेश में "बदलाव का सैलाब" लाने वाला दिन होगा। साढ़े 18 साल से भाजपा और शिवराज सरकार के कुशासन और कुकर्मों, लूट, घोटालों, भ्रष्टाचार और चौतरफा अत्याचार से भरे "जंगलराज" के खिलाफ़ मध्य प्रदेश के "जोश और आक्रोश" के इज़हार का दिन होगा। गरीबों, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों, किसानों और नौजवानों को इंसाफ़ की राह दिखाने वाला दिन होगा। मध्य प्रदेश की बेटियों को सुरक्षा और भरोसा दिलाने वाला दिन होगा। झूठ का अंत और सच की जीत का दिन होगा। कांग्रेस के "हाथ" को हर वचन पूरा करने की ताकत देने का दिन होगा। मध्य प्रदेश की खुशहाली, तरक्की और समृद्धि के संकल्प का दिन होगा। तैयार है मध्य प्रदेश, आ रही है कांग्रेस।'

Tags:    

Similar News