BJP MLA सुरेंद्र सिंह की अखिलेश यादव को खुली चुनौती, बैरिया से लड़ें चुनाव, 1 लाख वोटों से नहीं हराया तो छोड़ दूंगा राजनीति

UP election 2022 : अगर वह उन्हें एक लाख वोटों से नहीं हराया तो राजनीति से सन्यास ले लेंगे।

Update: 2021-12-01 08:39 GMT

भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुरेंद्र सिंह।  

UP election 2022 : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की बैरिया विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुरेंद्र सिंह ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को खुली चुनौती दी है। भाजपा विधायक ने कहा कि वह सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को अपने क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए चुनौती दे रहे हैं। अगर वह उन्हें एक लाख वोटों से नहीं हराया तो राजनीति से सन्यास ले लेंगे।

इससे पहले औरंगजेबी परंपरा का बताया था वाहक

इससे पहले 24 अक्टूबर को विधायक सुरेंद्र सिंह ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को औरंगजेबी परंपरा का पोषक बताया था। उन्होंने कहा था कि जिस अखिलेश ने अपने पिता को हटाकर जबरन सत्ता पर कब्जा कर लिया था वो खुद को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बेहतर बता रहा है। विधायक ने कहा कि इस देश के नेता मोदी और योगी हैं, और रहेंगे। उनके नेतृत्व में देश चहुंमुखी विकास कर रहा है। बेटी, खेती से लेकर सभी सुरक्षित हैं। हमारी सरकार सबका साथ, सबका विकास को ध्यान में रखकर काम कर रही है।

सोनिया और राहुल को नहीं है भारतीय संस्कृति का ज्ञान

वहीं 30 जुलाई 2021 को कहा था कि कांग्रेस की संरक्षक एवं अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के पास भारतीय सभ्यता और संस्कृति के ज्ञान का अभाव है। इस दौरान उन्होंने ममता बनर्जी पर अभद्र टिप्पणी करते हुए कहा कि पश्चिमी बंगाल में राजनीतिक लंकिनी पैदा हो गई हैं, जो गुंडों और सरकारी तंत्र के सहयोग से फिर सत्ता पर काबिज होने में सफल हो गई। अब कार्यकर्ता नहीं राजनैतिक सेना के रूप में कार्यकर्ताओं को काम करना पड़ेगा। तभी रोहिंग्या और मुस्लिम आक्रांताओं को जवाब भारत की धरती पर दिया जा सकता है।

ममता को बताया था लंकिनी

भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि लंका फतह होगी और लंकिनी मारी जाएगी। लंकिनी का विनाश करने वाले मोदी और योगी हैं। फिलहाल, देश की जनता अब जागरूक हो चुकी है। इन्हें राम के रूप में मोदी और हनुमान के रूप में योगी मिल चुके हैं।

Tags:    

Similar News