बेटी बचाओ वाली मोदी सरकार के सांसद के बोल, हाथरस बलात्कार एक बनावटी घटना

भाजपा सांसद मोहन मंडावी ने कहा है कि हाथरस का केस बनावटी है, असली मामला तो कोंडागांव का है....

Update: 2020-10-12 11:24 GMT

रायपुर। हाथरस के वीभत्स गैंगरेप कांड को लेकर भाजपा के नेताओं के विवादित बयानों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब भाजपा के सांसद मोहन मंडावी ने विवादित बयान दिया है। मंडावी ने कहा है कि हाथरस का केस बनावटी है। असली मामला तो कोंडागांव का है। वह यहीं नहीं रूके उन्होंने आगे यह तक कह डाला कि जहां लोगों ने उन्हें वोट नहीं दिया वहां भी कांग्रेसी विरोध करने जा रहे हैं। कोंडागांव में हुई दुष्कर्म की घटना को लेकर कोई विरोध नहीं कर रहे हैं, इसलिए भाजपा नेता हड़ताल पर बैठ रहे हैं।

बता दें कि कोंडागांव जिले में गैंगरेप की शिकार हुई 17 वर्षीय पीड़िता ने आत्महत्या कर ली थी। जिसके बाद परिजन मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे थे। लेकिन पुलिस की तरफ से आरोपियों पर तत्काल कार्रवाई भी नहीं की गई जिससे तंग आकर पीड़िता के पिता ने कीटनाशक खाकर खुद को मारने की कोशिश की। गनीमत रही की उसे वक्त रहते बचा लिया गया।

Full View

कोंडागांव जिले के एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 19 जुलाई को बालिका अपने परिजनों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गई थी। इस दौरान रात 11 बजे के करीब गांव के दो लड़के उसे जंगल में ले गए और वहां पांच अन्य लोगों ने उसके साथ गैंग रेप को अंजाम दिया। अगले ही दिन पीड़िता बिना किसा को बताए अपने घर लौट आई थी और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

इससे पहले भाजपा बलिया से विधायक सुरेंद्र सिंह ने भी हाथरस कांड को लेकर विवादित बयान दिया था। सुरेंद्र सिंह से जब पूछा गया कि हाथरस जैसी घटनायें क्यों बढ़ रही हैं और उन्हें कैसे रोका जाये तो उन्होंने कहा लड़कियों के संस्कारित न होने के कारण रेप की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा, सभी पिता और माता का धर्म है कि अपनी जवान बेटी को संस्कारित वातावरण में रहने, चलने और एक शालीन व्यवहार प्रस्तुत करने का तरीका सिखाएं, इससे रेप नहीं बढ़ेंगे। ये घटनाएं संस्कार से ही रुक सकती हैं, शासन और तलवार से कुछ रुकने वाली नहीं हैं। बलिया के विधायक सुरेंद्र सिंह से मीडिया ने सवाल किया था, कहा जाता है कि रामराज्य चल रहा है, लेकिन इस राम राज्य में भी रेप जैसी घटनाएं सामने आती हैं। इसका आखिर क्या कारण है? इस पर सिंह ने कहा कि 'मैं विधायक के साथ-साथ एक शिक्षक हूं। ये घटनाएं संस्कार से ही रुक सकती हैं, शासन और तलवार से रुकने वाली नहीं हैं।'

विधायक ने आगे कहा कि 'सभी पिता और माता का धर्म है कि अपनी जवान बेटी को संस्कारित वातावरण में रहने, चलने और एक शालीन व्यवहार प्रस्तुत करने का तरीका सिखायें। यह सबका धर्म है, मेरा भी धर्म है, सरकार का भी धर्म है लेकिन परिवार का भी धर्म है। जहां सरकार का धर्म रक्षा करने का है वहीं परिवार का भी धर्म है कि बच्चों में संस्कार डाले। सरकार और संस्कार मिलकर देश को सुंदर रूप दे सकते हैं। दूसरा कोई सामने आने वाला नहीं है।'

इतना ही नहीं सुरेंद्र सिंह ने प्रियंका-राहुल समेत तमाम दूसरे विपक्षी दलों के हाथरस कांड पर बोलने को सिर्फ राजनीतिक हथकंडा बताया। कहा कि प्रियंका-राहुल समेत तमाम दूसरे लोग लाख कोशिश कर लें उत्तर प्रदेश की धरती पर उनकी राजनीतिक जमीन स्थापित होने से रही। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी व प्रियंका गांधी को होटल व बोतल की संस्कृति का करार देते हुए कहा कि यह बेहया किस्म के लोग हैं।

Tags:    

Similar News