Dehradun News : भाजपाई मुख्यमंत्रियों की विफलताओं का पूरे प्रदेश में डंका बजाएगी कांग्रेस, दिल्ली से गीत हुआ जारी

Dehradun News : बीते पांच साल में तीन मुख्यमंत्री दे चुकी भारतीय जनता पार्टी को चुनावी दंगल में पटखनी देने के लिए कांग्रेस ने भाजपाई मुख्यमंत्रियों की विफलताओं जा डंका बजाने का निर्णय लिया है। तीनों मुख्यमंत्रियों के काम को "तीन तिगाड़ा-काम बिगाड़ा" स्लोगन के साथ लयबद्ध करते हुए पार्टी ने यह थीम सॉन्ग जारी किया है...

Update: 2022-01-03 10:56 GMT

भाजपाई मुख्यमंत्रियों की विफलताओं का पूरे प्रदेश में डंका बजाएगी कांग्रेस

सलीम मलिक की रिपोर्ट

Dehradun News : बीते पांच साल में तीन मुख्यमंत्री दे चुकी भारतीय जनता पार्टी को चुनावी दंगल में पटखनी देने के लिए कांग्रेस ने भाजपाई मुख्यमंत्रियों की विफलताओं जा डंका बजाने का निर्णय लिया है।

तीनों मुख्यमंत्रियों के काम को "तीन तिगाड़ा-काम बिगाड़ा" स्लोगन के साथ लयबद्ध करते हुए पार्टी ने यह थीम सॉन्ग जारी किया है।

दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय में उत्तराखंड कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सोमवार को प्रदेश प्रभारी देवेंद्र रावत, पूर्व सीएम हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, रणजीत सिंह रावत की मौजूदगी में यह थीम सौंग लॉंच किया गया।


थीम सौंग का नाम तीन तिगाड़ा, काम बिगाड़ा रखा गया। इस मौके पर पूर्व विधायक मालचंद भी भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए।

चुनाव संचालन समिति के मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गीत को परिवर्तन का आह्वान करने वाला बताते हुए कहा कि यह परिवर्तन सत्ता के लिए नहीं, बल्कि लोकतंत्र के लिए चाहते हैं। जिस प्रकार विकास की अवधारणा ध्वस्त हुई, उत्तराखंड सर्वाधिक पीड़ित है। केंद्र सरकार ने भी उसे माना है। इसीलिए तीन तीन सीएम बदले हैं। एक सीएम विधानसभा सत्र के बजट को पारित कर रहे थे, उन्हें हटा दिया गया, जो पार्लियामेंट्री परंपराओं का अपमान है। उत्तराखंड की जनता को बताया ही नहीं कि सीएम क्यों बदला। उन्होंने कहा कि पहले भी परिवर्तन हुए तो स्पष्ट बताया गया कि 2013 में आपदा के बाद जब उत्तराखंड में कांग्रेस ने सीएम बदला तो बताया गया कि आपदा के बाद सही से हैंडिल नहीं कर पाए। दूसरे सीएम को क्यों बदला, ये राज है। शायद देश के भीतर दो लोग जानते हैं नरेंद्र मोदी और अमित शाह। जिसे बदला गया वो समझ नहीं पाए, कब सधवा हुए कब विधवा। कब शादी हुई और कब विधवा किया गया। तीसरे सीएम की भी तैयारी हो गई थी। कांग्रेस के डर से तीसरा व्यक्ति डर गया। भाजपा के इस कदम से उत्तराखंड बार बार अपमानित महसूस कर रहा है।

हरीश रावत ने कहा कि छोटा राज्य होने के बाद भी भाजपा सरकारें उसे नहीं संभाल पा रही हैं। कोरोना संक्रमण के लिहाज से देश के भीतर मृत्यु दर सर्वाधिक उत्तराखंड में है। हरिद्वार कुंभ में रही सही कसर पूरी कर दी। उस दौरान भाजपा ने टेस्टिंग घोटाला कर और ज्यादा जहर घोल दिया। महंगाई के लिहाज से उत्तराखंड में सबसे ज्यादा दर है। महंगाई को भाजपा ने शिष्टाचार बना दिया है। बेरोजगारी में उत्तराखण्ड पहले नम्बर पर पहले से ही चल रहा है। हमारा थीम सौंग इन्हीं सब बातों को दर्शाते हुए हमारे भविष्य के प्लान को भी दिखाता है।

पूर्व विधायक मालचंद ने भाजपा छोड़ थामा कांग्रेस का दामन

एआइसीसी मुख्यालय में भाजपा के दो बार विधायक रहे मालचंद और उत्तरकाशी जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, इंटरनेट मीडिया राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहन गुप्ता, पीसीसी अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, सहप्रभारी दीपिका पांडे सिंह, राजेश धर्माणी व कुलदीप इंदौरा, राष्ट्रीय सचिव काज़ी निज़ामुद्दीन, कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत रावत, पूर्व मंत्री यशपाल आर्य, पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी, राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट ज़रिता लेतफलांग व अन्य मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News