सांसद रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाने के आरोपी पूर्व BSP विधायक जितेंद्र सिंह ने थामा BJP का दामन

भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ बब्लू साल 2009 में तत्कालीन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व वर्तमान में प्रयागराज से भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाने के आरोपी हैं...

Update: 2021-08-04 11:45 GMT

रीता जोशी का घर जलाने के आरोपी पूर्व बसपा विधायक भाजपा के पाले में.

जनज्वार, लखनऊ। राजनीति में कब क्या हो जाए, हर कोई बेखबर रहता है। भाजपा तो वैसे भी गुनाहों की वो वाशिंग मशीन बताई जाती है जहां हर पाप धुल जाते हैं। भले ही वो पाप किसी उनके अपने के साथ ही क्यों ना किया गया हो। इसी के चलते सांसद रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाने वाला बसपा नेता भाजपा में शामिल हो गया।

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने आज बुधवार 4 अगस्त को बसपा के पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ बब्लू सहित कई नेताओं को पार्टी में शामिल कराया लिया।  बीकापुर विधानसभा से बसपा के पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ बबलू सहित आजमगढ़ के लोकसभा प्रत्याशी रहे पंकज मोहन सोनकर, पूर्व सेना अधिकारी श्याम शंकर तिवारी, गाजियाबाद के पूर्व बसपा कोऑर्डिनेटर मनोज शर्मा, रायबरेली के पूर्व प्रत्याशी प्रवेश सिंह व आगरा की डॉ. बीना लवानिया ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

बता दें कि, भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ बब्लू साल 2009 में तत्कालीन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व वर्तमान में प्रयागराज से भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाने के आरोपी हैं। ऐसे में जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ बब्लू की भाजपा में शामिल होने को लेकर तमाम तरह के सवाल खड़े होने शुरू हो गये हैं।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सभी नेताओं को पार्टी में शामिल कराने के बाद कहा कि हम देश की सेवा करने के लिए राजनीति करते हैं। हम गरीबों की खुशहाली के लिए काम करते हैं। हम देव दीपावली भी मानते हैं और दीपोत्सव भी मनाते हैं। देश का विकास तभी होगा जब गरीब का विकास होगा. प्रधानमंत्री गरीबों के लिए काम करते हैं। यह सभी लोग जो आज भाजपा में शामिल हो रहे हैं, भाजपा की रीति-नीति से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हो रहे हैं।

गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ अभद्र टिप्पणी से बौखलाए बीएसपी कार्यकर्ताओं ने 15 जुलाई 2009 की रात लखनऊ में रीता बहुगुणा के घर को आग लगा दी थी। आगजनी की घटना में रीता बहुगुणा का बंगला पूरी तरह से खाक हो गया था। बीएसपी नेता आबदी और जितेन्द्र कुमार सिंह पर रीता बहुगुणा का घर जलाने का आरोप लगा था। हालांकि आज उनके भाजपा में शामिल होने के बाद रीता बहुगुणा की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Tags:    

Similar News