Haridwar news : हरिद्वार तिरंगा यात्रा में भाजपा नेताओं के बीच चले लाठी-डंडे, दौड़ा-दौड़ा कर पीटा फिर घर में भी की फायरिंग

Haridwar news : भाजपा नेता दीपक टंडन ने जैसे तैसे भागकर अपनी जान बचाई तो इसके कुछ देर बाद भाजपाई विष्णु अरोड़ा अपने साथियों के साथ खन्ना नगर कालोनी में दीपक टंडन के घर घुस आया, जहां एक बार फिर से दीपक टंडन को पीटा गया, बीच बचाव में आई पत्नी और मां से भी धक्का.मुक्की की गई...

Update: 2022-08-07 07:20 GMT

Haridwar news : हरिद्वार तिरंगा यात्रा में भाजपा नेताओं के बीच चले लाठी-डंडे, दौड़ा-दौड़ा कर पीटा फिर घर में भी की फायरिंग

Haridwar news : उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार में भाजपा कार्यकर्ताओं की दबंगई चरम पर है। इन कार्यकर्ताओं की खुलेआम गुंडागर्दी और दबंगई का ताजा मामला हरिद्वार में नमूदार हुआ है। जहां हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में विवादित भाजयुमो नेता विष्णु अरोड़ा ने गुंडई दिखाते हुए दिनभर जमकर हंगामा मचाया। मामूली विवाद के चलते भाजपा के तिरंगा यात्रा कार्यक्रम स्थल में घुसकर भाजपा नेता दीपक टंडन को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, फिर खन्ना नगर कालोनी में उसके घर में घुसकर हमला कर दिया।

इल्जाम है कि घर पर कई राउंड हवाई फायरिंग भी की गई। नगर विधायक मदन कौशिक के गृह वार्ड में हुई घटना से पुलिस महकमे के होश उड़ गए। आनन-फानन में एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह, एएसपी रेखा यादव ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर कार्रवाई के निर्देश ज्वाालपुर पुलिस को दिए हैं। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में पुलिस जुटी है।

दरअसल इस विवाद की शुरुआत खन्नानगर कालोनी से ही हुई। शुक्रवार 5 अगस्त को देर रात खन्नानगर कालोनी के ठीक सामने पेट्रोल पंप के बाहर खन्नानगर कालोनी के ही एक युवक को दबंग भाजयुमो नेता विष्णु अरोड़ा अपने साथियों के साथ सड़क पर गिराकर पीट रहा था। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी राहगीर ने बनाकर वॉयरल कर दिया। वीडियो वायरल होने का संदेह भाजपा नेता दीपक टंडन पर जताते हुए विष्णु अरोड़ा ने रेलवे फाटक ज्वालापुर के पास अनुराग पैलेस में आयोजित भाजपा के तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में घुसकर दीपक टंडन को बुरी तरह पीटा।

जैसे तैसे दीपक टंडन ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई तो इसके कुछ देर बाद विष्णु अरोड़ा अपने साथियों के साथ खन्ना नगर कालोनी में दीपक टंडन के घर घुस आया। जहां एक बार फिर से दीपक टंडन को पीटा गया। बीच बचाव में आई पत्नी और मां से भी धक्का-मुक्की की गई। महिलाओं की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा तो हुए, लेकिन इन लोगों की दबंगई के चलते किसी ने भी बीच बचाव की हिम्मत नहीं दिखाई। बताया जा रहा है कि इस दौरान भाजयुमो नेता ने घर पर कई राउंड हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। आरोप है कि जान से मारने की नीयत से विष्णु अरोड़ा और लक्की भदौरिया ने गोली चलाई। गोली दीवार पर लगी और दीपक टंडन बाल-बाल बचा। इन हमलावरों में मध्य हरिद्वार ही नहीं, उत्तरी हरिद्वार व कनखल क्षेत्र के असामाजिक तत्व शामिल थे। जोरदार हंगामे के बाद जब मौके पर ज्यादा ही भीड़ जुटने लगी तो भाजयुमो नेता एवं उसके साथी वक्त की नजाकत को देखते हुए मौके से खिसक गए।

इन लोगों के जाने के बाद भाजपा नेता ने पूरे घटनाक्रम की सूचना पुलिस के आला अफसरों को दी। सूचना मिलते ही एसपी सिटीए एएसपी रेखा यादव, कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी घटनास्थल पर पहुंचे। भाजपा नेता एवं उसकी पत्नी ने पुलिस के सामने अपनी आपबीती बयां करते हुए मांग कि उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। उन्हें विष्णु गैंग से अपनी जान का खतरा बना हुआ है।

पुलिस ने दीपक टंडन की तहरीर पर 15 नामजद विष्णु अरोड़ा, श्रेय श्रास्त्री, वासु शर्मा, कृष्णा अरोड़ा, लक्की भदौरिया, कुशल पाल सैनी, उधम सैनी, विपिन रावत, हेमशंकर, नोनी पेवल, सौरव वैद, शुभम वशिष्ठ, अमन यादव, कुन्नू पहाड़ी, कुनाल अरोड़ा सहित सहित 30 अज्ञात कुल 45 आरोपितों के खिलाफ जानलेवा हमला, बलवा, घर में घुसकर हमला करने जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। डीआईजी/एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि इस संबंध में पीड़ित पक्ष की तरफ से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। मुख्य आरोपी के सगे भाई को हिरासत में ले लिया है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। गुंडागर्दी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं होगी। मामले की सही जांच के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी मदद ली जा रही है।

लगातार विवादों के बाद भी आंखों का तारा बना है विष्णु अरोड़ा, पद बना रहता है सुरक्षित

भाजपा नेता विष्णु अरोड़ा की गुंडागर्दी का यह पहला मामला नहीं है। हर दूसरे, तीसरे महीने मारपीट, धमकाने जैसे मामलों में उसका नाम आता है। अधिकांश पीड़ित इसकी दबंगई के चलते मुकदमा दर्ज कराने की हिम्मत नहीं जुटा पाते। कोई पीड़ित हिम्मत करके मुकदमा दर्ज भी कराता भी है तो पुलिस ज्यादातर मामलों में उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर पाती। यह भी हैरत की बात है कि अक्सर मारपीट व झगड़े करने के बावजूद विष्णु अरोड़ा भाजपा में मंडल उपाध्यक्ष के पद पर बना हुआ है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार विष्णु अरोड़ा के पास पूरी पंचपुरी के गुंडा तत्वों की फौज है। उनके साथ कोई भी विवाद होने पर विष्णु अरोड़ा तुरंत अपने साथियों को लेकर पहुंच जाता है। इसी तरह विष्णु के साथ झगड़ा होने पर दूसरे क्षेत्रों से उसके समर्थक युवक मिनटों में आ धमकते हैं। जिस कारण विष्णु पूरे हरिद्वार में आतंक का पर्याय बना हुआ है।

Tags:    

Similar News