Priyanka Gandhi Arrested: प्रियंका गांधी को शांति भंग और धारा-144 के उल्लंघन का आरोप लगा किया गिरफ्तार

Update: 2021-10-05 08:48 GMT
(लखीमपुर में पुलिस से नोकझोक करती प्रियंका गांधी)

Priyanka Gandhi Arrested, जनज्वार। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में पिछले 36 घंटों से हाउस अरेस्ट की गयीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। वह रविवार 3 अक्टूबर को लखीमपुर खीरी हिंसा के बाद पीड़ित किसानों से मिलने के लिए निकली थीं, तभी उन्हें हाउस अरेस्ट किया गया था।

सीतापुर पु​लिस ने प्रियंका गांधी पर धारा-144 का उल्लंघन करने और शांतिभंग की धाराएं लगायी हैं। जानकारी के मुताबिक उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जायेगा।

गौरतलब है कि प्रियंका गांधी ने ट्विटर पर लखीमपुर हिंसा (Lakhimpur Kheri Violence) से संबंधित एक वीडियो शेयर करते हुए प्रधानमंत्री मोदी से कुछ सवाल करते हुए ऐलान किया था कि सरकार चाहे तो उन्हें गिरफ्तार कर ले, मगर वो बिना पीड़ित किसान परिवारों से मिले वापस नहीं लौटेंगी।

प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के बाद हरगांव पुलिस स्टेशन के SHO ने मीडिया को दिये बयान में कहा कि प्रियंका गांधी के अलावा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत 11 लोगों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

प्रियंका गांधी ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा था, 'ये वीडियो आपकी सरकार के एक मंत्री के बेटे को किसानों को गाड़ी के नीचे कुचलते हुए दिखाता है। इस वीडियो को देखिए और इस देश को बताइए कि इस मंत्री को बर्खास्त क्यों नहीं किया गया और इस लड़के को अभी तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। मेरे जैसे विपक्ष के नेताओं को तो आपने हिरासत में बगेर किसी ऑडर और एफआईआर के रखा है। ये आदमी अभी भी आजाद क्यों घूम रहा है?'

लखीमपुर खीरी हिंसा वाले दिन भी प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया था, 'भाजपा देश के किसानों से कितनी नफ़रत करती है? उन्हें जीने का हक नहीं है? यदि वे आवाज उठाएँगे तो उन्हें गोली मार दोगे, गाड़ी चढ़ाकर रौंद दोगे? बहुत हो चुका। ये किसानों का देश है, भाजपा की क्रूर विचारधारा की जागीर नहीं है। किसान सत्याग्रह मजबूत होगा और किसान की आवाज और बुलंद होगी।'

प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के बाद हाल ही में कांग्रेस ज्वाइन करने वाले कन्हैया कुमार ने ट्वीट किया है, 'लखीमपुर में मंत्री की गाड़ी ने किसानों को कुचल दिया और लखनऊ में सरकार जश्न मना रही है। हत्यारे आज़ाद घूम रहे हैं और विपक्ष के नेताओं को गिरफ़्तार किया जा रहा है।'

Tags:    

Similar News