'देश में बढ़ रही महंगाई के लिए नेहरू जिम्मेदार', मध्यप्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग अपने बयान पर अडिग

मंत्री विश्वास सारंग ने आगे कहा कि मैंने कहा कि नेहरू की नीतियों की वजह से देश में महंगाई बढ़ी है, तो कांग्रेस के नेताओं के पेट में दर्द हो गया, क्योंकि मैंने उनकी दुखती नस को पकड़ लिया है....

Update: 2021-08-02 07:46 GMT

(विश्वास सारंग ने कहा - हमने लगातार कम की महंगाई)

जनज्वार। केंद्र में मोदी सरकार आने के बाद से भाजपा नेताओं में यह ट्रेंड शुरू हो गया है कि अपनी सरकार की विफलताओं का श्रेय देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू पर डाल दो। इस कड़ी में अब नया नाम मध्यप्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग का जुड़ गया है। मंत्री का कहना है कि अर्थव्यवस्था की जो भी दिक्कतें हैं, वह कांग्रेस की रीति और नीति की वजह से हैं।

विश्वास सारंग ने कहा कि हमने लगातार महंगाई कम की है। पेट्रोल और डीजल के दाम अंतर्राष्ट्रीय कीमतों पर निर्भर करता है। पेट्रोल डीजल की कीमतों में कई बार कमी भी आई है। सारंग ने कहा कि आप (कांग्रेस) बातें करते हो कि नेहरू जी ने देश का निर्माण किया है। ऐसे में ये भी जवाब देना पड़ेगा कि आजादी के बाद नेहरू ने गांधी जी के अर्थव्यवस्था मॉडल की तिलांजलि क्यों दी।

उन्होंने कहा कि गांधी जी और इस देश के पुरातन अर्थव्यवस्था, हमारी रीति-नीति और संस्कृति यह कहती थी न कि गांव, खेत, खलिहान और किसान की चिंता करनी है। गांधी का मॉडल था कि गांव की अर्थव्यवस्था गांव में ही बढ़े। उसको नेहरू जी ने तिलांजलि दे दी है। सारंग ने कहा कि वह स्वयं विदेश से पढ़े और पश्चिमी संस्कृति से ज्यादा प्रभावित थे, इसीलिए उन्होंने भारतीयता को तिलांजलि दी। इसी वजह से भारत कृषि अर्थव्यवस्था पर आगे नहीं बढ़ पाया।

सारंग ने आगे कहा कि मैंने कहा कि नेहरू की नीतियों की वजह से देश में महंगाई बढ़ी है, तो कांग्रेस के नेताओं के पेट में दर्द हो गया, क्योंकि मैंने उनकी दुखती नस को पकड़ लिया है।

सारंग द्वारा नेहरू को महंगाई के लिए जिम्मेदार ठहराने का यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी उन्होंने कहा था कि पंद्रह अगस्त के दिन जवाहर लाल नेहरू के भाषण की वजह से महंगाई बढ़ी है।

Tags:    

Similar News