Priyanka Gandhi : खाद की लाइन में खड़े किसान हो गयी थी मौत, प्रियंका गांधी ने पीड़ित परिजनों को दिया ये आश्वासन

Priyanka Gandhi : प्रियंका ने कहा कि भाजपा सरकार की कुनीतियों से किसान कर्ज में डूबता जा रहा हैं। खाद नहीं मिल पा रही है, बिजली नहीं आ रही है और बिल भरने पड़ रहें है।

Update: 2021-10-29 14:09 GMT

(ललितपुर में पीड़ित किसान परिवारों से मिलीं प्रियंका गांधी)

Priyanka Gandhi। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) आज ललितपुर के पाली गांव पहुंचकर पीड़ित किसान परिवारों (Farmers Family) से मिली और उनका दुख साझा किया। किसान भोगी पाल और महेश कुमार बुनकर खाद की लाइन में लगे थे। कई दिनों तक लाइन में लगे रहने के बावजूद उन्हें खाद नहीं मिली। जिसके चलते उनकी हालत और खराब हो गई और उनकी मृत्यु हो गई। किसान सोनी अहिरवार और बबलू पाल खाद न मिलने के चलते परेशान थे। उन्होंने आत्महत्या करके अपनी जान दे दी। सभी किसानों पर भारी-भरकम कर्ज है और फसल बर्बादी व मुआवजा न मिलने जैसी समस्याओं से वे परेशान थे। प्रियंका गांधी उनके परिजनों से मिलकर दुख बांटा।

प्रियंका गांधी ने कहा कि यह समस्या नई नहीं है, चार किसानों की मौत के बावजूद पूरे बुन्देलखण्ड (Bundelkhand) में यही हो रहा है। सरकार की क्रूरता चरम पर है। इससे पहले लखीमपुर (Lakhimpur Kheri Violence) में केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री के बेटे ने किसानों को कुचल दिया था, और वह मंत्री अभी भी पद पर है, मंत्री के पद पर रहते हुए निष्पक्ष जांच कैसे हो सकती है। बुन्देलखण्ड के किसानों की स्थिति चिंताजनक है। वहां के किसान अपने परिवार को पालने के लिए संघर्ष कर रहें हैं, उनकी समस्या सुनकर दिल दहल जा रहा है।

प्रियंका ने कहा कि भाजपा सरकार की कुनीतियों से किसान कर्ज में डूबता जा रहा हैं। खाद नहीं मिल पा रही है, बिजली नहीं आ रही है और बिल भरने पड़ रहें है। सरकार व अधिकारियों के संरक्षण में खाद की कालाबाजारी की जा रही है जिससे किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है, इसकी जांच अवश्य होनी चाहिए।

प्रियंका ने आगे कहा कि जब कांग्रेस की सरकार बनेगी गेहूं व धान का समर्थन मूल्य 2500 रूपये प्रति कुन्तल और गन्ना 400 रूपये प्रति कुन्तल की दर से खरीद की जायेगी, किसानों का पूरा कर्जा माफ किया जायेगा। प्रियंका गांधी ने लौटते समय दतिया में मॉ पीताम्बरा शक्ति पीठ में माता के दरबार में मत्था टेका और पूजा अर्चना की, उत्तर प्रदेश की खुशहाली के लिए कामना की।

वहीं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता संजय सिंह ने प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा निर्देशित कांग्रेस की चल रही तीन प्रतिज्ञा यात्राओं के बारे में विस्तार बताया।

आज यात्रा की शुरुआत अमेठी के संग्रामपुर में काली मंदिर पर दर्शन के साथ शुरू हुई। उसके बाद संग्रामपुर मोड़ से राजीव गांधी तिराहा और फिर टिकरी तक मोटरसाइकिल जुलूस और पद मार्च निकाला गया। उपस्थित छात्रों और जनता के बीच में विधायक दीपक सिंह ने कहा कि जब से राहुल गांधी अमेठी में हारे अमेठी का विकास रुक गया है।

सिंह ने आगे कहा कि अगर 2022 में प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो एक बार फिर अमेठी और पूरे उत्तर प्रदेश का विकास शुरू होगा और उत्तर प्रदेश के नौजवानों को 20 लाख रोजगार दिया जाएगा।

सभा को पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, पूर्व विधायक अजय राय, पूर्व विधायक नदीम जावेद,  बाजीराव खाड़े ने भी संबोधित किया। सभा का आयोजन नरेंद्र मिश्रा, मुन्ना सिंह त्रिशुंडी और धर्मेंद्र शुक्ला ने किया। 

Tags:    

Similar News