सुशील मोदी के मंत्री नहीं बनने पर तेजप्रताप का तंज- नया कुर्ता संभालकर रखियेगा, तेजस्वी के शपथ ग्रहण में काम आयेगा

सुशील मोदी के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने की चर्चा तो खूब रही, लेकिन वो मंत्री बनते-बनते रह गये, अब इसे लेकर लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप ने उनकी चुटकी ली है

Update: 2021-07-08 03:07 GMT

जनज्वार ब्यूरो। मोदी कैबिनेट का 7 जुलाई की शाम विस्तार हो गया। कैबिनेट में फेर बदल से पहले कई मंत्रियों की छुट्टी भी हुई। नये मंत्रिमंडल में 15 कैबिनेट मिनिस्टर, और 28 राज्य मंत्री समेत कुल 43 मंत्रियों को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।

कैबिनेट विस्तार से पहले बिहार के उपमुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सुशील मोदी के नाम की चर्चा भी जोरों पर रही थी। माना जा रहा था कि इस बार केंद्रीय नेतृत्व में उन्हें जगह मिलेगी। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। अब सुशील मोदी के केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने पर आरजेडी के नेता और बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप ने चुटकी ली है।

नया कुर्ता संभालकर रखियेगा

सुशील मोदी के मंत्री नहीं बनाये जाने पर उन्होंने तंज कसा, और अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया कि जो नया कुर्ता-पायजामा सिलवाएं हैं, उसे संभालकर रखियेगा, तेजस्वी के शपथ ग्रहण में काम आयेगा।


तेजप्रताप ने ट्वीट कर कहा, केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले सभी नए मंत्रियों को शुभकामनाएं। सुशील मोदी जी के लिए ढेर सारी सांत्वनाएं। छोटका मोदीजी, नया कुर्ता - पायजामा जो सिलवाएं हैं उसको संभालकर रखिए जल्द तेजस्वी का शपथग्रहण होने वाला है वहाँ दर्शकदीर्घा में एक कुर्सी आपके लिए रिजर्व रखा जाएगा।

जेडीयू पर भी निशाना

अपने एक और ट्वीट के जरिये उन्होंने नीतीश कुमार की जेडीयू पर भी निशाना साधा, और उसे एक जाति विशेष की पार्टी बताया। लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप ने ट्वीट किया, आरसीपी सिंह का मोदी कैबिनेट में जाना ये तय करता है कि @Jduonline एक विशेष जाती (कुर्मी) की पार्टी है।।!

जल्द आरजेडी की सरकार बनने का दावा

उल्लेखनीय है कि बिहार में पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में एनडीए की सरकार बहुमत के आंकड़ों से कुछ ही सीट आगे रही थी। ऐसे में एनडीए की सरकार को लेकर आरजेडी नेता की ओर से कई तरह के दावे आते रहे हैं। वहीं आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, साथ ही उनके भाई तेज प्रताप यादव ने बयान दिया था कि जल्द ही बिहार में नीतीश कुमार की सरकार बदलने वाली है। बीते शनिवार को सूबे के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने एक कार्यक्रम में कहा था कि नीतीश कुमार की गिरी हुई सरकार का गिरना तय है। उन्होंने पूर्व विधायक महेश्वर सिंह का आरजेडी में स्वागत करते हुए नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला था।

बिहार से आरसीपी सिंह और पशुपति बने मंत्री

बुधवार को हुए मोदी कैबिनेट के विस्तार में बिहार से जेडीयू सांसद आरसीपी सिंह और लोकजनतांत्रिक पार्टी (एलजेपी) से पशुपति कुमार पारस को जगह मिली है।

जबकि बिहार की पटना साहिब सीट से बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया है। हालांकि, पहले चर्चा थी कि जेडीयू ने चार पद मांगे थे। लेकिन लंबी बातचीत के बाद आरसीपी सिंह को केंद्रीय कैबिनेट में शामिल होने पर बीजेपी-जेडीयू में सहमति बन गयी।

इधर एलजेपी से पशुपति पारस के मंत्री बनाये जाने से चिराग पासवान को झटका लगा है। बता दें कि चिराग पासवान ने हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिख कर कहा था कि केंद्रीय कैबिनेट में एलजीपी कोटे से पशुपति पारस को जगह नहीं दी जाये, क्योंकि पार्टी उन्हें निकाल चुकी है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि वह कोर्ट जाएंगे।

मोदी कैबिनेट के विस्तार से कुछ घंटे पहले इसे लेकर चिराग ने ट्वीट भी किया था। उन्होंने लिखा, "पार्टी विरोधी और शीर्ष नेतृत्व को धोखा देने के कारण लोक जनशक्ति पार्टी से श्री पशुपति कुमार पारस जी को पहले ही पार्टी से निष्काषित किया जा चुका है और अब उन्हें केंद्रीय मंत्री मंडल में शामिल करने पर पार्टी कड़ा ऐतराज दर्ज कराती है।"

Tags:    

Similar News