UP Election 2022 : अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना, बोले- BJP सत्ता में आई तो 200 रुपए लीटर बेचेगी पेट्रोल

UP Election 2022 : अखिलेश यादव ने कहा कि आज मैंने भी अपना वोट साइकिल पर डाल दिया, हवा बहुत तेज चल रही है, आज हवा के सामने हेलीकॉप्टर भी धीमे में उड़ रहा था लेकिन साइकिल की रफ्तार बहुत तेज है...

Update: 2022-02-20 11:05 GMT

अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज है। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों के नेताओं की जुबानी जंग भी जारी है। एक तरफ उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण की वोटिंग जारी है। वहीं चौथे चरण के प्रचार में तेजी आ गई है। बता दें कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज रविवार 20 फरवरी को उन्नाव में जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने कहा कि 'आज मैंने भी अपना वोट साइकिल पर डाल दिया। हवा बहुत तेज चल रही है। आज हवा के सामने हेलीकॉप्टर भी धीमे में उड़ रहा था लेकिन साइकिल की रफ्तार बहुत तेज है।

सीएम योगी पर साधा निशाना

इस दौरान अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर भी जमकर हमला बोला है। अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर तंज कसते हुए कहा कि 'हमारे लिए कहते हैं कि हम 12:00 बजे सोकर जागते हैं। क्या दूरबीन से देखते हैं बाबा जी, हम भी देखते हैं कि उनके घर पर धुआं उड़ता है।' इसके साथ ही अखिलेश यादव ने कहा कि 'शिक्षा मित्र, बीएड, बीपीएड हमारे साथियों को लंबी लड़ाई लड़नी पड़ी। 69 हजार भर्ती वालों को आरक्षण के लिए लंबी लड़ाई लड़नी पड़ी। हमारे बाबा सीएम ने नौजवानों के सपने तोड़ दिए। बाबा सीएम 24 घंटे काम करते हैं इसलिए इतने लोग बेरोजगार हैं।

भाजपा ने रोका है यूपी का विकास

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि 'यूपी का विकास भाजपा ने रोका है। इनका हर वादा जुमला निकला| इन्होंने कहा था कि किसानों की आय दुगनी कर देंगे। कोई फसल एमएसपी पर खरीदी हो तो बता दो आप। ठंडे हो गए भाजपा वाले। जैसे-जैसे वोट पड़ रहे है, इनके नेता सुन्न पड़ते जा रहे हैं। जिस समय उन्नाव की जनता वोट डालेगी, ये लोग शून्य हो जाएंगे। अंतिम चरण में भाजपा के बूथों पर भूत नाचेंगे। अगर भाजपा दोबारा आ गए सत्ता में तो 200 रुपए में पेट्रोल बेचेगी याद रखना। ये लोग कह रहे थे कि गर्मी निकाल देंगे। पहले और दूसरे चरण के बाद ये ठंडे पड़ गए और जब बांगरमऊ वाले वोट डालेंगे तो जो धुआं उड़ाते थे वह दुआ हो जाएंगे|

बाबा को नहीं आता है फोन चलाना

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि 'बीजेपी ने जब चुनाव प्रचार शुरू किया तो डोर टू डोर कैंपेन किया, लेकिन जब जनता का आक्रोश देखा तो दूर-दूर से प्रचार करने लगे| भाजपा ने सिलेंडर इतना महंगा कर दिया है कि कोई गरीब सिलेंडर नहीं भरवा सकता| बाबा मुख्यमंत्री ने ऐसी तस्वीर लगा दी फेसबुक पर कि खुद पूरब देख रहे हैं और जनता पश्चिम| इससे पता चला कि इन्हें स्मार्टफोन भी चलाना नहीं आता है|'

अखिलेश यादव ने की वोट की अपील

अखिलेश यादव ने कहा कि सपा ने तय किया है कि सरकार बनने पर 22 लाख नौजवानों को आईटी सेक्टर में रोजगार देंगे| 10 वीं और 12 वें के बाद ट्रेनिंग देकर नौजवानों को रोजगार देने की व्यवस्था करेंगे| चुनाव हो रहा उन्नाव में और बात कर रहे हैं आतंकवाद की, अरे यहां के किसान को खाद चाहिए, फसल का दाम चाहिए| सपा ने तय किया है कि 300 यूनिट तक कोई बिल नहीं देना पड़ेगा| भाजपा की सरकार में बिजली बिल आने पर करेंट लगता है| साइकिल पर वोट देकर ही भाजपा सरकार हटेगी| आपका आभार| इस उम्मीद से कि जब आप अपना वोट डालेंगे तो भाजपा सरकार के समय दी गई तकलीफों को याद रख कर|

Tags:    

Similar News