UP Election 2022 : अखिलेश यादव हुए भाजपा पर हमलावर, कहा BJP कर रही है काले धन का व्यापार

UP Election 2022 : अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके एक रथ के मुकाबले बीजेपी के छह रथ नाकाम साबित हो रहे हैं। समाजवादी विजय रथ के पहिए जहां-जहां घूम रहे हैं वहां जनसमर्थन की आंधी उठ रही है...

Update: 2021-12-30 07:31 GMT

सपा प्रमुख अखिलेश यादव का भाजपा पर फिर हमला

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव सर पर हैं ऐसे में राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ती जा रही हैं। सभी राजनीतिक पार्टियों के आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर बीजेपी पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने बीते बुधवार 28 दिसंबर को डॉ राम मनोहर लोहिया सभागार में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि साल 2022 में लोकतंत्र को बचाने का अंतिम चुनाव है। इस दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके एक रथ के मुकाबले बीजेपी के छह रथ नाकाम साबित हो रहे हैं। अखिलेश यादव का कहना है कि समाजवादी विजय रथ के पहिए जहां-जहां घूम रहे हैं वहां जनसमर्थन की आंधी उठ रही है।

भाजपा के दिन बीत गए हैं

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि हर तरफ उमड़ता हुआ जनसैलाब इस बात का संकेत दे रहा है कि अब बीजेपी के दिन बीत गए हैं। आगे अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी विजय रथ अबाध गति से बर्ताव आप प्रचंड बहुमत के रास्ते को प्रशस्त करने में सफल होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि हमारे एक रथ के आगे भाजपा के 6 रथ नाकाम साबित हो रहे हैं।

बीजेपी लोकतांत्रिक मूल्यों की करती है हत्या

अपने संबोधन में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में अपनी हार देखकर भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या करने पर उतारू हो गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है जब राजनीति में विश्वास का संकट पैदा हुआ है और सत्ता शीर्ष की भाषा अभद्र मर्यादा विहीन और निंदापरख होती जा रही है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी का कोई विजन ना होने से प्रदेश का विकास अवरुद्ध है।

नौजवानों को नहीं मिल रहा है रोजगार

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अखिलेश यादव ने कहा कि किसान तबाह है। नौजवान रोजगार के लिए भटक रहे हैं। उद्योग और काम धंधे बंद हैं। भाजपा राज में उत्तर प्रदेश की जनता कराह रही है। अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमलावर होते हुए कहा कि बीजेपी ने जितने वादे किए या अपने संकल्प पत्र में लिखें थे, वे वादे पूरे नहीं हुए हैं। काला धन वापस लाने का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि काला धन वापस लाने और हर एक खाते में 15-15 लाख रुपए जमा होने के वादों का तो अब जिक्र भी नहीं किया जाता है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने वास्तव में काला धन के समानांतर अर्थव्यवस्था कायम कर रखी है। जब तक भाजपा रहेगी तब तक काला धन का धंधा बंद नहीं होगा।

भाजपा हार से डरती है

अखिलेश यादव ने जमकर भाजपा पर हमला बोला। साथ ही अखिलेश यादव ने भाजपा के कार्य पर भी सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के पास अपना काम बताने लायक कुछ भी नहीं है। बीजेपी बस विरोधियों को प्रताड़ित और झूठ फरेब की राजनीति करती है। अखिलेश यादव ने कहा कि अब बीजेपी की हार निश्चित है और वह अपने हार से डरी सहमी हुई है इसलिए वहां षड्यंत्र रचने में लगी हुई है। जनता अब बीजेपी की रणनीति से भलीभांति अवगत है और वह किसी भी हालत में अब भाजपा को जीतने नहीं देगी।

Tags:    

Similar News