UP Election 2022 : अखिलेश यादव ने कसा तंज, कहा डबल इंजन की भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार भी हुआ डबल

UP Election 2022 : अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि राज्य की डबल इंजन सरकार के शासन में भ्रष्टाचार भी डबल हो गया है, अखिलेश यादव ने वादा किया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी गठबंधन की सरकार बनने पर किसानों को गन्ना मूल्य का समय से भुगतान करने के लिए 10 हजार करोड़ रुपए का कोष बनाया जाएगा...

Update: 2022-02-11 06:13 GMT

अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना

UP Election 2022 : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बीते गुरुवार को उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि राज्य की कथित डबल इंजन सरकार के शासन में भ्रष्टाचार भी डबल हो गया है। साथ ही अखिलेश यादव ने वादा किया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी गठबंधन की सरकार बनने पर किसानों को गन्ना मूल्य का समय से भुगतान करने के लिए 10 हजार करोड़ रुपए का कोष बनाया जाएगा।

अखिलेश यादव ने लगाया आरोप

बता दें कि अखिलेश यादव ने बिजनौर में अपने गठबंधन सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी के साथ संयुक्त रैली में आरोप लगाया है कि 'उत्तर प्रदेश के डबल इंजन की सरकार में भ्रष्टाचार भी डबल हो गया है| पिछले भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए सपा गठबंधन को वोट दें ताकि बाबाजी चुनाव परिणाम घोषित होने तक अपने घर लौट जाएं।' इसके साथ ही अखिलेश यादव ने गन्ना किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि 'सत्ता में आने पर हम 10 हजार करोड़ रुपए का कोष बनाएंगे ताकि किसानों को समय से गन्ना भुगतान हो सके। गठबंधन की सरकार बनने पर किसानों का गन्ना मूल्य 15 दिन के अंदर चुकाया जाएगा।'

भाजपा पूरे नहीं करती है वादे

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा को अपने पिछले चुनाव के घोषणा पत्र में किए गए वादे पूरे नहीं करने के लिए 2 मिनट का मौन रखना चाहिए।' साथ ही अखिलेश यादव ने कहा कि 'भाजपा झूठों की पार्टी है| इसका छोटा नेता छोटा झूठ बोलता है और सबसे बड़ा नेता सबसे बड़ा झूठ बोलता है लेकिन इस बार भाजपा का झूठ का हेलीकॉप्टर उत्तर प्रदेश में नहीं उतर पाएगा।

300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि 'भाजपा के शासनकाल में बिजली का बिल लोगों को बिजली का झटका देता है क्योंकि इस सरकार ने एक भी बिजली कारखाना नहीं लगाया। इसी वजह से हमें बिजली के ऊंचे दाम चुकाने पड़ रहे हैं। प्रदेश में सपा गठबंधन की सरकार बनने पर घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी।'

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भाजपा विकास की बात करती है लेकिन पिछले साढे 4 वर्षों के दौरान लोगों को सबसे ज्यादा दुख झेलना पड़ा है। साथ ही अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि लॉकडाउन के दौरान प्रवासी मजदूर कठिन हालात में अपने घर लौटे लेकिन सरकार ने उनके लिए कुछ भी नहीं किया।

कोरोना काल का किया जिक्र

अखिलेश यादव ने कहा कि 'मुझे याद है कि किस तरह उस गर्भवती महिला ने सड़क पर बच्चों को जन्म दिया था। अगर हमारी सरकार होती तो हम जिलाधिकारी की कार से उस महिला को उसके घर भिजवाते।' बता दें कि इससे पहले अपने संबोधन में राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा था कि 'भाजपा उत्तर प्रदेश कि सत्ता में आने के बाद पेट्रोल और डीजल के दामों में वृद्धि की योजना बना रही है।' साथ ही जयंत चौधरी ने कहा कि देश और प्रदेश के किसानों ने 13 महीने तक संघर्ष के बाद भाजपा को हराया है और उसे नए कृषि कानून वापस लेने को मजबूर किया है।

सीएम योगी पर बोला हमला

राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विकास की बात करते हैं लेकिन विकास के नाम पर उन्होंने किसानों के हाथ में टॉर्च और लाठी थमा दी है और उन्हें मजबूरी में कड़ाके की सर्दी वाली रात में आवारा पशुओं से अपनी फसलों की रक्षा करनी पड़ रही है।

Tags:    

Similar News