UP Election 2022 : आजमगढ़ में विपक्षी दलों पर बरसीं मायावती, BJP-SP और Congress पर लगाए कई आरोप

UP Election 2022 : बसपा सुप्रीमो मायावती ने सपा और भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि सपा और बीजेपी की सरकार में उत्तर प्रदेश की जनता को अधिकांश मामलों में दुखी रहना पड़ा है...

Update: 2022-02-28 11:52 GMT

बीएसपी सुप्रीमो मायावती। 

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज है| ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियों का एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। वहीं इस जुबानी जंग के बीच बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती लगातार अपने विपक्षी दलों पर हमलावर रहती हैं| इसी कड़ी में बसपा सुप्रिमों मायावती ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है| साथ ही उन्होंने बसपा सरकार बनने को लेकर जनता से कई वादे और दावे किए है|

मायावती कांग्रेस पर हुई हमलावर

बता दें कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने रैली में कांग्रेस पर हमला बोला है| उन्होंने कहा है कि कांग्रेस की गलत कार्यप्रणाली और नीतियो की वजह से प्रदेश और केंद्र की सत्ता से बाहर हो गई है| साथ ही कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि जातिवादी होने के कारण कांग्रेस दलित, पिछड़ा और आदिवासियों की विरोधी रही है| मायावती ने कहा कि कांग्रेस इतने समय तक केंद्र की सत्ता में रहने के बाद भी दलितों के मसीहा और संविधान के शिल्पी बाबा साहब भीम राव आंबेडकर को 'रत रत्न' से सम्मानित नहीं किया| साथ ही मायावती ने कहा कि कांग्रेस ने मंडल कमीशन की रिपोर्ट को लागू नहीं किया था| उसे बसपा ने अथक संघर्ष के बाद वीपी सिंह की सरकार में लागू करवाया|

बीजेपी-सपा पर हुई हमलावर

इस दौरान बसपा सुप्रीमो मायावती ने सपा और भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि सपा और बीजेपी की सरकार में उत्तर प्रदेश की जनता को अधिकांश मामलों में दुखी रहना पड़ा है| सपा की सरकार में गुंडो, बदमाशों, अराजक तत्वों, लूट-खसोट और दंगे-फसाद कराने वालों का ही राज रहा है| साथ ही मायावती ने भाजपा पर हमला बोलते कहा कि इस सरकार ने जातिवादी, पूंजीवादी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की नितियों को लागू किया है| इससे प्रभावित लोगों का विकास और उत्थान इस सरकार में नहीं हो सका है|

चुनाव प्रचार करने आजमगढ़ पहुंची मायावती

बता दें कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने आज सोमवार को आजमगढ़ में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया| बता दें कि यह जनसभा आजमगढ़ मंडल के उम्मीदवारों के लिए आयोजित की गई थी| यहां पर सातवें और अंतिम चरण में 7 मार्च को मतदान होना है| इस जिले में विधानसभा की कुल 10 सीटें हैं| साल 2017 में जब बीजेपी की आंधी चल रही थी, उस समय बसपा ने वहां की 10 में 4 सीटों पर विजय पताका फहराया था| जनसभा को संबोधित करते हुए मायावती ने कहा कि बसपा इसलिए चुनाव लड़ रही है ताकि प्रदेश की जनता को बीजेपी की जातिवादी, संकीर्ण, अहंकारी और तानाशाही वाले शासन से मुक्ति मिल सके| साथ ही उन्होंने कहा कि बसपा ने सर्वसमाज के लोगों को टिकट दिए हैं|

Tags:    

Similar News