UP Election 2022 : सीएम योगी पहली बार लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, भाजपा नेतृत्व तय करेगी सीट

UP Election 2022 : कुछ विधायकों की नाराजगी और टिकट कटने के सवाल पर कहा कि भाजपा एक विराट परिवार है। इस मंच पर व्यक्ति की भूमिका अलग-अलग समय में अलग-अलग होती है। यह आवश्यक नहीं कि एक व्यक्ति हमेशा सरकार में रहे। उसे संगठन की जिम्मेदारी भी सौंपी जा सकती है।

Update: 2022-01-02 05:13 GMT

सीएम योगी आदित्यनाथ पहली बार लड़ेंगे विधानसभा चुनाव। 

UP Election 2022 : यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ( CM Yogi Adityanath ) विधानसभा चुनाव लड़ेंगे या नहीं, इस पर से पर्दा हटा दिया है। उन्होंने एक अनौपचारिक बातचीत में कहा है कि वो उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। लेकिन वे किस सीट ( Vidhansabha Seat ) से चुनाव लड़ेंगे इसका जवाब उन्होंने अभी नहीं दिया है। अगर योगी विधानसभा चुनाव लड़ते हैं तो विधायकी के लिए यह उनका पहला चुनाव ( First time contest mla election ) होगा।

मेरी कोई निजी पसंद नहीं, पार्टी जहां से कहेगी वहां से लडूंगा

फिलहाल, मीडिया की ओर से यह पूछे जाने पर कि वे किस सीट से चुनाव लड़ना चाहेंगे, तो उन्होंने कहा कि मेरे चुनाव लड़ने पर कोई संशय नहीं हैं, लेकिन मैं चुनाव कहां से लडूंगा इस बात का फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा। जब सीएम से पूछा गया कि वह अयोध्या से चुनाव लड़ेंगे या मथुरा से या गोरखपुर से, तब उन्होंने कहा कि पार्टी जहां से कहेगी, मैं वहां से चुनाव लडूंगा। किसी सीट के लिए मेरी कोई निजी पसंद नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव बीजेपी ( BJP ) ही जीतेगी। भाजपा 300 से ज्यादा सीटें आएंगी। अगर योगी आदित्यनाथ इस बार विधानसभा चुनाव में खड़े होंगे तो ये उनका पहला विधानसभा चुनाव होगा।

कुछ विधायकों की नाराजगी पर दिया ऐसा जवाब

योगी आदित्यनाथ ( CM Yogi Adityanath ) से जब यह पूछा गया कि कोई ऐसा कार्य जो वह अपने पांच साल के कार्यकाल में नहीं कर पाए। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि जो हमने कहा था वह सब काम किए। ऐसा कोई काम नहीं बचा जिसे पूरा न करने का मुझे अफसोस हो। कुछ क्षेत्रों में विधायकों के प्रति नाराजगी होने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इस समय हमारी जन विश्वास यात्राएं निकल रही हैं। जनविश्वास यात्राएं हमारी तीन जनवरी को पूरी होने जा रही हैं। आप देखेंगे इसके बाद और भी अच्छा वातावरण प्रदेश में देखने को मिलेगा। ऐसी चर्चा है कि मंत्रियों और विधायकों में यह डर है कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनका टिकट कट सकता है तो उन्होंने कहा कि भाजपा एक विराट परिवार है। वहां व्यक्ति की भूमिका अलग-अलग समय में अलग-अलग होती है। यह आवश्यक नहीं कि एक व्यक्ति हमेशा सरकार में रहे। कभी वह संगठन का काम भी कर सकता हैं।

इस बार विकास के मुद्दे पर लड़ रहे हैं चुनाव

2017 के चुनाव और 2022 में होने वाले चुनाव में अंतर पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि पांच साल पहले हम राज्य सरकार की नाकामियों पर चुनाव लड़ रहे थे, इस बार राज्य की कामयाबियों को आगे रखकर चुनाव लड़ रहे हैं। राज्य सरकार ने विकास के कार्य किए हैं, उसी के आधार पर हम चुनाव लड़ रहे हैं। जब योगी से पूछा गया कि कांग्रेस महिलाओं को स्कूटी देने की बात कह रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान, पंजाब और छत्तीसगढ़ में भी तो कांग्रेस की सरकार हैं। वहां कांग्रेस ने कितने लोगों को स्कूटी दिए हैं।

मुखर हिंदुत्वादी नेता हैं योगी 

यूपी मे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मूल नाम अजय सिंह बिष्ट है। 5 जून 1972 को जन्मे आदित्यनाथ गोरखपुर के प्रसिद्ध गोरखनाथ मंदिर के महंत भी हैं। योगी ने 19 मार्च, 2017 को उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में बीजेपी की बड़ी जीत के बाद राज्य के 21वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। 1998 से 2017 तक भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीतते रहे हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में भी वे गोरखपुर से सांसद चुने गए थे। 2017 में हुए यूपी विधानसभा के चुनाव में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद उन्हें राज्य का मुख्यमंत्री बनाया गया। योगी आदित्यनाथ इस समय उत्तर प्रदेश विधानपरिषद के सदस्य हैं। योगी आदित्यनाथ हिंदू युवाओं के सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रवादी समूह हिंदू युवा वाहिनी के संस्थापक भी हैं। लोगों में योगी की छवि मुखर हिंदुत्ववादी और राष्ट्रवादी नेता की है।

Tags:    

Similar News