UP Election 2022 : स्वामी प्रसाद मौर्य ने कसा तंज, बोले- जिसने दिया BJP का साथ, अपना कराया सत्यानाश

UP Election 2022 : जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री व सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा का सबका साथ, सबका विकास का वादा पूरी तरह से झूठा है, जिसने भी उसका साथ दिया, उसने अपना सत्यानाश व विनाश कराया है...

Update: 2022-02-26 08:12 GMT

स्वामी प्रसाद मौर्य ने उठाया EVM पर सवाल

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज है| ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियों का का एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। वहीं इस जुबानी जंग के बीच पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने जमकर भाजपा पर हमला बोला है। बता दें कि पूर्व मंत्री और सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने बीते शुक्रवार को चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र के सपा प्रत्याशी कैप्टन बृजेश चंद्र लाल के पक्ष में रामपुर रकबा में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जमकर सीएम योगी आदित्यनाथ और भाजपा सरकार पर तंज कसे हैं।

भाजपा सरकार पर बोला हमला

बता दें कि जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री व सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा का सबका साथ, सबका विकास का वादा पूरी तरह से झूठा है। जिसने भी उसका साथ दिया, उसने अपना सत्यानाश व विनाश कराया है। स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि पिछली बार किसानों ने भाजपा का साथ दिया था, मगर सरकार उनके हितों को भूल किसान विरोधी बिल लाई और उद्योगपति को मजबूत करने की कोशिश की। सरकार को लगा कि किसान नाराज हैं और नुकसान करेंगे तो बिना किसानों से बात किए बिल वापस भी ले लिया।

सातवें चरण में भाजपा होगी पूरी तरह साफ

वहीं स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि 4 चरणों के चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ हो चुका है। सातवें चरण में भाजपा प्रदेश से पूरी तरह साफ हो जाएगी। इसके साथ ही स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि गठबंधन की आंधी चल रही है, जिसमें भाजपा की सरकार उड़ गई है। अखिलेश यादव के नेतृत्व में गठबंधन की सरकार बनेगी। भाजपा की कलई खुल गई है।

सीएम योगी पर साधा निशाना

स्वामी प्रसाद मौर्य ने सीएम योगी आदित्यनाथ को भी घेरा और कहा कि वह खुद को गौ माता के पुजारी बताते हैं लेकिन गौ माता के लिए गौशाला, भूसा और चारा का इंतजाम नहीं कर पाए। छुट्टा पशु किसानों की फसलों को बड़ा नुकसान कर रहे हैं। भाजपा सरकार किसानों को सम्मान निधि के 6000 रुपए देकर लाखों की फसल चरवा रही हैं| शिक्षकों की भर्ती में पिछड़ों व दलितों के हक को मारा गया। जो भी परीक्षाएं हुई, उसका पेपर लीक हुआ। बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिला, विरोध करने पर लाठी जरूर मिली है|

चार चरणों में ही शांत हो गई बाबा की गर्मी

बता दें कि जनवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि चार चरण के चुनाव में ही योगी बाबा की गर्मी शांत हो गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार बनी थी रोजगार देने के लिए लेकिन सरकार ने लाठी दिया। भाजपा की सरकार का नजरिया दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ है।

सपा सरकार में मिलेगा हर वर्ग को उनका हक

वहीं सभापा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र राजभर ने कहा कि प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है। 10 मार्च को पूरे प्रदेश में यह बदलाव दिखाई पड़ेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि बदलाव होने पर गरीबों, दलितों पिछड़ों को उनका हक मिल सकेगा।

Tags:    

Similar News