15 साल की नाबालिग की जबरन शादी के बाद गर्भ गिराने की कोशिश, पति ने तार से करंट लगा गरम तवे से मारा : DCW ने जारी किया नोटिस

नाबालिग लड़की ने अपने पति पर गर्म तवे से जलाने, तार से करंट देने और स्क्रू ड्राइवर से उत्पीड़ित करने का आरोप भी लगाया था। लड़की का आरोप है कि इतना उत्पीड़न करने के बाद उसके पति ने उसे ससुराल से बाहर निकाल दिया, जिसके बाद लड़की अपने माता-पिता के पास दिल्ली आ गयी

Update: 2022-12-19 09:56 GMT

Crime against women : दिल्ली के दरियागंज इलाके में एक 15 वर्षीय मुस्लिम लड़की की जबरन शादी करने के बाद गर्भ गिराने की दवायें खिलाने, तार से करंट लगाने और गरम तवे से मारने का मामला सामने आया था। इस मामले में दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्वीट करते हुए जानकारी दी है कि DCW ने इस मामले में सख्त कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है।

दिल्ली महिला आयोग अध्यक्ष स्वाती मालीवाल ने ट्वीट किया है, 'दरियागंज में रहने वाली 15 साल की मुस्लिम बच्ची की ज़बरन शादी करवा दी गई। बच्ची को गर्भ गिराने की दवाइयाँ खिलाई गई, तार से करंट लगाया गया, गरम तवे से मारा गया। दिल्ली पुलिस को सख़्त कार्यवाही हेतु नोटिस जारी कर रही हूँ।'

जानकारी के मुताबिक दिल्ली की रहने वाली 15 वर्षीय बच्ची की शादी जबरन उत्तर प्रदेश के बदायूं में इसी साल फरवरी 2022 में की गयी थी। जब शादी के बाद वह गर्भवती हुई तो ससुरालियों ने उसका गर्भ जबरन गिराने की कोशिश की, मगर वह उसमें कामयाब नहीं हो पाये।


अपनी शिकायत में पीड़ित लड़की ने आरोप लगाया था कि उसके ससुराली और पति उसके साथ मारपीट करते हैं। इतना ही नहीं लड़की ने अपने पति पर गर्म तवे से जलाने, तार से करंट देने और स्क्रू ड्राइवर से उत्पीड़ित करने का आरोप भी लगाया था। लड़की का आरोप है कि इतना उत्पीड़न करने के बाद उसके पति ने उसे ससुराल से बाहर निकाल दिया, जिसके बाद लड़की अपने माता-पिता के पास दिल्ली आ गयी। तब वह लड़की अपने परिजनों के साथ दिल्ली में रह रही है।

दिल्ली महिला आयोग ने इस मामले में दिल्ली पुलिस को निर्देश दिया है कि वह आयोग के समक्ष एफआईआर की कॉपी, आरोपी के गिरफ्तारी की डिटेल और अगर आरोपी को अभी तक गिरफ्तार न किया गया हो तो उसका कारण बताने, इस मामले में अभी तक क्या कार्रवाई की गयी है, वह 22 दिसंबर तक हर हाल में उपलबध कराये।

जानकारी के मुताबिक दिल्ली के दरियागंज इलाके में एक 15 साल की बच्ची की न सिर्फ जबरन शादी करने का मामला सामने आया था, बल्कि शादी के बाद उसका गर्भ गिराने के लिए जबरन दवायें भी खिलायी गयी थीं। इतने भर से मन नहीं भरा तो उसे तार से करंट लगाया गया और गरम तवे से मारा गया।

Tags:    

Similar News