योगीराज : 24 घण्टे 6 किशोरियों का रेप, कहीं टीवी दिखाकर तो कहीं मुंह में पराली ठूंसकर लगाई मिशन शक्ति की लंका

Update: 2020-11-08 04:08 GMT

जनज्वार। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार महिलाओं-बेटियों की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति चला रही है। इसकी बागडोर खुद योगी सहित उनके तमाम चहेते मंत्रियों अधिकारियों ने सँभाल रखी है। बावजूद इसके यूपी में बच्चियों महिलाओं से अपराध हो रहा है। फिर मिशन शक्ति किसके लिए किया जा रहा है।

यूपी में बीते 24 घण्टों के अंदर यूपी में रेप की 6 वारदातें हो गईं। प्रशाशन पूरी तरह त्रस्त नजर आ रहा है। सरकार हवाई किले बनाने में मशगूल है। संतकबीर नगर, पीलीभीत, बलिया, लखीमपुर खीरी, अलीगढ़, झांसी और बाँदा ये वो जगहें जहां शुक्रवार 6 नवंबर की शाम से शनिवार 7 नवंबर के बीच 4 घटनाएं वो भी नाबालिग बच्चियों से सामने आई हैं। पुलिस थाने चौकियों से फरियादियों को भगा दे रही है, क्योंकि यही रामराज्य की परिकल्पना है।

जनपद संतकबीर नगर के बेलहर गांव में चार दिन से लापता 7 वर्षीय किशोरी की दुष्कर्म के बाद निर्ममता से हत्या कर दी गई। नाबालिग की हत्या करने के बाद दुष्कर्मियों ने उसे मारकर दफना भी दिया। पुलिस ने शनिवार 7 नवम्बर को आरोपी को गिरफ्तार कर सख्ती दिखाई तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बच्ची की डेड बॉडी को बरामद किया है।

पीलीभीत के माधोटांडा में एक 6 वर्ष की बच्ची अखंड पाठ सुनने गई थी, लापता हो गई। शनिवार 7 नवंबर को पास ही के खेत मे बच्ची का शव अर्धनग्न अवस्था मे मिला है। युवक को हिरासत में ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने उसके मुंह मे पराली ठूंसकर दुष्कर्म किया था।

वहीं बलिया के दुबहर थानाक्षेत्र में शुक्रवार 6 नवम्बर की रात पड़ोसी ने युवती पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। आग बुझाने में पिता का हाथ भी झुलस गया। पिता की तहरीर पर हत्या और छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। पिता का कहना है कि पड़ोस के एक युवक कृष्णा गुप्ता कई दिनों से युवती से छेड़छाड़ कर रहा था। परिजनों से युवक की शिकायत करने के बाद भी कोई फर्क नहीं पड़ा। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

दूसरी तरफ लखीमपुर खीरी के ईसानगर में गन्ना काटकर घर लौट रही 13 वर्षीय किशोरी को दो लड़कों ने दबोचकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएचओ हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है, नाबालिग होने की वजह से उन्हें मजिस्ट्रेट द्वारा बाल सुधार गृह भेजा गया है।

अलीगढ़ में तेजवीर प्रजापति की 3 साल की लड़की के साथ शनिवार 7 नवम्बर को नृशंस रेप कर बच्ची को मौत के घाट उतर दिया गया। घनास्थल की वायरल हुई वीडियो में मां बाप बदहवास दिखे। घटना को शेयर करते हुए अधिवक्ता दुर्गेश मणि त्रिपाठी लिखते हैं, 'ये अलीगढ़ की घटना है जहां 3 साल की बच्ची का रेप कर के हत्या हुई। योगी बाबा सो रहे हैं।'

वहीं झांसी में कोचिंग सेंटर से लौट रही ग्यारहवीं कक्षा की छेड़छाड़ की शिकार छात्रा ने तंग आकर मौत को गले लगा लिया। परिजन उसे लेकर झांसी मेडिकल कॉलेज तक गए पर बचा नहीं सके। छात्रा के पास से मिले सुसाइड नोट में लिखा है कि 'मम्मी पापा मेरी मौत का बदला जरूर लेना, तभी मेरी आत्मा को शांति मिलेगी।' पुलिस आरोपी छात्र के परिजनों को हिरासत में लेकर उसकी तलाश कर रही है। आरोपी नाबालिग और ग्यारहवीं का छात्र ही बताया जा रहा है।

बांदा में 6 वर्षीय बालिका का दुष्कर्म करने के बाद हत्या करने के जुर्म में अदालत ने आरोपी को 20 साल की सजा दी है। बच्ची की मां द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि बच्ची जिस समय बकरियां चराकर घर लौट रही थी तो रास्ते मे उसे टीवी दिखाने के बहाने गांव का युवक भरत ने घर ले जाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 376, 506, 5/6 पॉस्को एक्ट लगाकर जेल भेजा था। घटना 16 माह पूर्व देहात कोतवाली की है।

Tags:    

Similar News