भोपाल में बोलीं प्रज्ञा ठाकुर : लॉटरी और सट्टा वैधानिक करने से शुरू होगी सच्ची समाजसेवा

BJP सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने लॉटरी को वैधानिक करने पर अपना समर्थन देते हुए कहा कि 'सरकार की यह नीतियां है। जिससे समाज को लाभ हो। वो कार्य प्रारंभ कर रहे हैं। मैं सरकार के निर्णय के साथ हूं...

Update: 2021-09-08 07:02 GMT

BJP सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने फिर विवादित बयान दिया है (FilePhoto/प्रज्ञा ठाकुर)

जनज्वार, भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा में भी एक से एक महारथी नेता मौजूद हैं। सांसद प्रज्ञा ठाकुर का एक बयान सामने आया है, लेकिन इससे पहले बता दें कि, एमपी की शिवराज सरकार ने प्रदेश में लॉटरी और जुआ खेलने के लिए केन्द्रीय कानून के तहत मंजूरी देने का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।

इसको लेकर प्रज्ञा ठाकुर ने एक बयान दिया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। BJP सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने लॉटरी को वैधानिक करने पर अपना समर्थन देते हुए कहा कि 'सरकार की यह नीतियां है। जिससे समाज को लाभ हो। वो कार्य प्रारंभ कर रहे हैं। मैं सरकार के निर्णय के साथ हूं।'

लॉटरी से समाज को कैसे लाभ मिलेगा के जवाब में उन्होने कहा कि 'यहां लॉटरियां कई प्रकार की चलती हैं। केवल नाम उसका लॉटरी दे दिया गया है। जिसमें समाज काे लाभ हो। लोग धनोपार्जन कर सके। समाज का अच्छे से जीवन यापन कर सके। जिसमें समाज की सेवा हो सके। ऐसा कार्य हमेशा करना चाहिए।'

सांसद के बयान पर कांग्रेस के प्रदेश मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने कहा कि शिवराज सरकार के लाटरी को वैधानिक करने के निर्णय को सांसद समाज के लिए लाभकारी बता रही है। कह रही है वो इस निर्णय के साथ है। उन्होंने कहा कि ये कैसे जनप्रतिनिधि? ये क्या कह रही है इनको भी नहीं पता?

गौरतलब है कि, अब मध्य प्रदेश सरकार राज्य में जुआ और लॉटरी चलाने की अनुमति दे सकेगी। इसके लिए सरकार की तरफ से 23 अगस्त को नोटिफिकेशन जारी किया जा चुका है। यह नोटिफिकेशन केन्द्र सरकार के उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम-2019 के तहत जारी किया गया है।

इसके नए नियमों के अनुसार प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से किसी उत्पाद की ब्रिकी, उपयोग अथवा आपूर्ति या किसी व्यवसाय हित को बढ़ावा देने के लिए किए गए दो मामलों में राज्य सरकार अनुचित व्यापार व्यवहार के दायरे से छूट प्रदान कर सकेगी।

Tags:    

Similar News