'मां मेरा बाप कौन है' 27 साल बाद बेटे ने पूछा तो पीड़ित महिला ने बलात्कार आरोपियों के खिलाफ दर्ज करायी FIR

महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसकी जिंदगी बर्बाद हो चुकी है, पूरा परिवार बिखर चुका है, पीड़िता ने वारदात की हकीकत को सामने लाने के लिए डीएनए टेस्ट कराने की भी गुहार लगाई...

Update: 2021-03-06 05:45 GMT

Gujarat News : शादी के आठ साल बाद सामने आया पति का खौफनाक सच, महिला ने पुलिस में दर्ज करवाई शिकायत

जनज्वार, शाहजहांपुर। कभी-कभी हमारे आस पास और समाज में ऐसे मामले देखने सुनने को मिलते हैं, जिन्हें जानकर इंसानियत की सच्चाई का सबसे कुरूप चेहरा सामने आता है। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर का है।

27-28 साल पहले यहां रहने वाली एक किशोरी का साथ पड़ोस के दो भाइयों ने एक साल तक शारीरिक शोषण किया और दुष्कर्म के बाद लड़की ने एक बेटे को जन्म दिया। बेटे ने जब अपनी मां से पिता का नाम पूछा तो मां ने 27 साल बाद बेटे को हक़ दिलाने के लिए अदालत में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसकी जिंदगी बर्बाद हो चुकी है। पूरा परिवार बिखर चुका है। पीड़िता ने वारदात की हकीकत को सामने लाने के लिए डीएनए टेस्ट कराने की भी गुहार लगाई।

जानकारी के मुताबिक मामला साल 1994 का है। शाहजहांपुर के सदर बाजार थानाक्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली 12 वर्षीय लड़की अपने रिश्तेदारों के पास रहती थी। लड़की के रिश्तेदार यानी पति-पत्नी दोनों सुबह काम पर निकल जाते थे। लड़की को अकेला पाकर पड़ोस के एक युवक घर में घुस आया तथा लड़की को डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी और उसका भाई एक साल तक लड़की के साथ दुष्कर्म करते रहे। अगले वर्ष लड़की को गर्भ ठहरा तो उसे साथ रखने वाले रिश्तेदार सुन्न पड़ गए।

लड़की के रिश्तेदारों ने आरोपी युवकों के घर जाकर शिकायत की तो लड़कों के परिजनों ने दोनों को डरा-धमकाकर भगा दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। लड़की के रिश्तेदार बदनामी के डर से चुप हो गए। बाद में रिश्तेदार पति-पत्नी का दूसरे जिले में ट्रांसफर हो गया। किशोरी भी उनके साथ गई। बाद में उसने एक बच्चे को जन्म दिया। रिश्तेदारों ने बच्चे को एक दम्पती को दे दिया।

कुछ साल बाद किशोरी जब शादी के लायक हुई तो उसकी शादी दूसरे जिले के एक युवक से कर दी गई। शादी के बाद युवती ने एक और बेटे को जन्म दिया। शादी के 6 साल बाद पति को जब अपनी पत्नी के अतीत के बारे में पता चला तो उसने महिला को छोड़ दिया।

महिला कई साल से अलग रह रही है। दूसरी तरफ दुष्कर्म के बाद पैदा हुए बेटे ने अपने मां-बाप के बारे में जानकारी जुटाई। जिस दंपती ने उसे गोद लिया था उसने उन्हें उसकी मां के बारे में सबकुछ बता दिया। सच जानने के बाद बेटा मां के पास आया और अपने पिता के बारे में पूछा।

महिला ने बेटे के पिता के बारे में जानने और उसे उसका हक दिलाने के लिए कोर्ट की शरण ली है। कोर्ट ने थाना सदर बाजार को मामले में एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। कोर्ट से मिले आदेश के बाद थाना सदर बाजार पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामला काफी पुराना होने के चलते पुलिस आरोपियों का डीएनए टेस्ट कराएगी।

Tags:    

Similar News