शादी रचा घर के रुपये-गहने लेकर चंपत हो जाती थी लुटेरी दुल्हन, गिरफ्तारी के बाद जांच में निकली HIV पॉजिटिव

महिला ने पिछले चार वर्षों में आठ लोगों से शादी करने और शादी के एक हफ्ते के भीतर घर से गहने और नकदी लेकर भागने की बात कबूल की है..

Update: 2021-09-03 06:30 GMT

(गिरफ्तारी के बाद मेडिकल जांच में लुटेरी दुल्हन HIV पॉजिटिव निकली (प्रतीकात्मक तस्वीर)

जनज्वार। एक तो लोगों को टारगेट कर शादी करती थी, फिर एक सप्ताह में ही घर के जेवर-रुपये लेकर फरार हो जाती थी। पुलिस ने इस लुटेरी दुल्हन को पकड़ लिया है लेकिन जिनके साथ इस लुटेरी दुल्हन की अबतक शादियां हुई हैं उनके लिए एक और बुरी खबर इंतजार कर रही है।

पंजाब और हरियाणा राज्यों में सक्रिय इस ठग गिरोह द्वारा अबतक आठ लोगों को शिकार बनाए जाने की बात सामने आई है। इन सभी आठ लोगों से एक एककर इस लुटेरी दुल्हन ने पहले तो शादी की फिर घर के सारे जेवर-पैसे लेकर भाग निकली थी।

हालांकि पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी कर ली है लेकिन गिरफ्तारी के बाद एक सनसनीखेज खुलासा हुआ है। गिरफ्तारी के बाद मेडिकल जांच में यह महिला एचआईवी पॉजिटिव पाई गई है।

पंजाब पुलिस ने राज्य के पटियाला जिले से शादी के बहाने कम से कम 8 पुरुषों को ठगने के आरोप में 30 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। शादी का झांसा देकर लोगों से लूटपाट कर रही महिला व उसके तीन साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया था।

पटियाला पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, "महिला ने पिछले चार वर्षों में आठ लोगों से शादी करने और शादी के एक हफ्ते के भीतर घर से गहने और नकदी लेकर भागने की बात कबूल की है।"

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तय कार्रवाई के अनुसार महिला को अदालत में पेश करने से पहले मेडिकल करवाया। जांच में महिला को एड्स निकला है। इसके बाद पुलिस ने सभी आठ पीड़ित दूल्हों से एड्स की जांच कराने को कहा है।

मिली जानकारी के अनुसार महिला गिरोह के साथ अपना टारगेट खोजती थी, फिर उससे शादी करके ससुराल चली जाती थी। अगर पति धनी निकलता था, तो वो 10-15 दिन ज्यादा ससुराल में रह लेती थी।

जिसके बाद वो ससुराल वालों को दहेज का मुकदमा दर्ज करने की धमकी देती थी। अगर ससुराल वालों से मनमाना पैसा नहीं वसूल पाती तो गिरोह के सदस्यों के साथ घर को लूट लेती थी और फरार हो जाती थी।

Tags:    

Similar News