Manmohan Singh AIIMS: मनमोहन सिंह की दुखित बेटी ने कहा- तमाशा मत बनाइए, मेरे पिता अस्पताल में हैं चिड़ियाघर में नहीं!

बेटी दमन सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री का एम्स में पिता से मिलने के बारे में कहा कि, "स्वास्थ्य मंत्री का पूर्व प्रधानमंत्री के प्रति चिंता व्यक्त करना हमें अच्छा लगा, लेकिन मेरे माता-पिता उस समय फोटो खिंचवाने की स्थिति में नहीं थे, वे चिड़ियाघर में रहने वाले जानवर नहीं हैं..."

Update: 2021-10-16 07:46 GMT

(दिल्ली के एम्स में भर्ती हैं पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह)

Dr Manmohan Singh AIIMS (जनज्वार):  पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह (Dr. Manmohan Singh) खराब स्वास्थ्य के कारण दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती हैं। एम्स में मनमोहन सिंह के डेंगू का ट्रीटमेंट चल रहा है। गुरुवार, 14 अक्टूबर को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया उनका हाल चाल जानने अस्पताल पहुंचे थे। मुलाकात के बाद की तस्‍वीरें स्वास्थ्य मंत्री ने सोशल मीडिया पर शेयर किया। जिसको लेकर मनमोहन सिंह का परिवार नाराज हो गया। पूर्व प्रधानमंत्री की बेटी ने इस बात को लेकर आपत्ति जताई है। डॉ. सिंह की बेटी दमन सिंह ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनके पिता चिड़ियाघर में नहीं है जो उनकी तस्वीरें लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जा रहा है।

द प्रिंट के रिपोर्ट के मुताबिक डॉ मनमोहन सिंह की बेटी दमन सिंह (Daman Singh) ने कहा कि, "पिता के बिमार होने के कारण उनकी मां पहले से बहुत परेशान थीं। लेकिन मंत्री का फोटोग्राफर उनके साथ में अस्पताल के कमरे में घुस आया और तस्वीरें लेने लगा। इस बात को लेकर जब परिवार वालों ने आपत्ति जताई तो फोटोग्राफर ने उनकी बातों को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया।"

दमन सिंह ने कहा कि, "मां बहुत परेशान थी। मेरे माता-पिता एक कठिन परिस्थिति का सामना कर रहे हैं। वे बुजुर्ग लोग हैं। चिड़ियाघर में जानवर जैसे नहीं है।" उन्‍होंने कहा कि जब स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री आए तब उनके माता-पिता फोटो खिंचवाने की स्थिति में नहीं थे।

वहीं, द हिंदू के मुताबिक, शुक्रवार, 15 अक्टूबर को एक बयान में डॉ. मनमोहन सिंह की बेटी दमन सिंह ने बताया कि उनकी मां ने अस्पताल के कमरे में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया (Mansukh Mandavia) के दौरे के दौरान एक फोटोग्राफर की मौजूदगी पर आपत्ति जताई थी, लेकिन उनकी आपत्तियों को नजरअंदाज कर दिया गया था। मेरे पिता का एम्स में डेंगू का इलाज चल रहा है। भले ही उनकी हालत अब स्थिर है लेकिन उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो गई है।

बेटी दमन सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री का एम्स में पिता से मिलने के बारे में कहा कि, "स्वास्थ्य मंत्री का पूर्व प्रधानमंत्री के प्रति चिंता व्यक्त करना हमें अच्छा लगा। लेकिन मेरे माता-पिता उस समय फोटो खिंचवाने की स्थिति में नहीं थे। वे चिड़ियाघर में रहने वाले जानवर नहीं हैं। उनका तमाशा बनाया जा रहा है।"

गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. सिंह से मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री ने कथित तौर पर अपने ट्विटर पर डॉ सिंह के अस्पताल के कमरे की कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं थीं। लेकिन, उन्हें लगा होगा कि फोटो पोस्ट करने के बाद उनकी वाहवाही होगी। पर मामला उलटा पड़ गया। सोशल मीडिया पर लोग उनके फोटो पोस्ट करने का विरोध करने लगे। मनमोहन सिंह की बेटी दमन सिंह ने भी स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया के इस रवैये पर घोर आपत्ति जताई। जिसके बाद मंडाविया ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से सभी तस्वीरें डिलीट दी थीं।

Tags:    

Similar News