Goa Election 2022 : अमित पालेकर को बनाया AAP ने गोवा में सीएम फेस, जानिए उनके बारे में

Goa Election 2022 : गोवा विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने अपने मुख्यमंत्री के चेहरे की घोषणा कर दी है, अमित पालेकर को सीएम फेस बनाया गया है...;

Update: 2022-01-19 07:54 GMT
Goa Election 2022 : अमित पालेकर को बनाया AAP ने गोवा में सीएम फेस, जानिए उनके बारे में

(गोवा चुनाव में आप ने अमित पालेकर को बनाया मुख्यमंत्री उम्मीदवार)

  • whatsapp icon

Goa Election 2022 : गोवा विधानसभा चुनाव 2022 (Goa Election 2022) की तैयारियों में जुटी आम आदमी पार्टी (AAP) ने अमित पालेकर (Amit Palekar) को अपना मुख्यमंत्री का चेहरा (CM Face) बनाया है। आप के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने बुधवार को इसकी घोषणा की। गोवा में 14 फरवरी को मतदान होना है। बता दें कि आम आदमी पार्टी पहली बार गोवा में चुनाव लड़ने जा रही है।

कौन हैं अमित पालेकर

अमित पालेकर (Amit Palekar) पेशे से वकील हैं। उन्होंने पिछले साल आम आदमी पार्टी (AAP) जॉइन की थी। पालेकर ओबसी में आने वाले भंडारी समुदाय से ताल्लुक रखते हैं जिनकी गोवा की कुल आबादी में 35 प्रतिशत तक हिस्सेदारी है। ओल्ड गोवा हेरिटेज साइट पर अवैध निर्माण के खिलाफ भूख हड़ताल के बाद वह चर्चाओं में आए थे। अक्टूबर 2021 में वह आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे।

बुधवार को पणजी के एक समारोह में उन्हें मुख्यमंत्री का चेहरा (AAP CM Face In Goa) घोषित किए जाने के बाद केजरीवाल ने उन्हें गले लगाया। इस दौरान आप विधायक अतिशी भी वहां पर मौजूद थीं। इस मौके पर केजरीवाल ने कहा, गोवा की राजनीति में आज से एक नई शुरुआत हो गई है। नए चेहरे, गोवा के असली आम आदमी अब इन भ्रष्ट दलों के "पैसे से सत्ता, सत्ता से पैसे" के चक्र को खत्म कर देंगे।

आम आदमी पार्टी ने जो वीडियो पोस्ट किया है उसमें केजरीवाल कहते हुए सुनाई दे रहे हैं, आज का दिन गोवा के लिए काफी अहम दिन है। गोवा के लोग बदलाव चाहते हैं। मौजूदा पार्टियों और नेताओं से लोग तंग आ चुके हैं। कुछ नेताओं ने गोवा की राजनीति पर कब्जा किया हुआ है। पैसे से सत्ता और सत्ता से पैसा..सत्ता में आते हैं तो खूब पैसा कमाते हैं। उस पैसे से सत्ता में दोबारा आते हैं। इसे बदलना है। गोवा बदलाव चाह रहा है।

बता दें कि आम आदमी पार्टी ने गोवा की सभी चालीस सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। गोवा में शिवसेना, तृणमूल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पहली बार चुनावी मैदान में हैं। अमित पालेकर से पहले आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में कर्नल अजय कोठियाल, पंजाब में भगवंत मान को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर चुकी है। 

Tags:    

Similar News