Master Vijay Singh UP Election 2022 : योगी के खिलाफ गोरखपुर में चुनाव लड़ेंगे मास्टर, सबसे लंबा धरना करने का बना चुके वर्ल्ड रिकॉर्ड

Master Vijay Singh UP Election 2022 : मास्टर विजय सिंह 26 साल से धरना दे रहे हैं जिसके चलते उनका धरना लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड, वर्ल्ड रिकॉर्ड इंडिया और मीरा सेल्स ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो चुका है...

Update: 2022-02-04 09:37 GMT

(योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे मास्टर विजय सिंह)

Master Vijay Singh UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव की बिसात बिछ चुकी है। प्रत्येक राजनीतिक दलों ने अपने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। इस बीच मुजफ्फरनगर में 26 साल से भ्रष्टाचार और भूमाफियाओं के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे मास्टर विजय (Master Vijay Singh) ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi adityanath) के खिलाफ गोरखपुर सदर सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। मास्टर विजय सिंह सपा मुखिया की सीट करहल (Karhal Seat) में भी पर्चे बांटेंगे। बता दें कि मास्टर विजय सिंह दुनिया के सबसे लंबे धरने के लिए जाने जाते हैं।

मास्टर विजय सिंह (Master Vijay Singh) का कहना है कि उनका मकसद विधायक या मंत्री बनना नहीं है। वह तो राजनीति से काफी दूर हैं लेकिन योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) को एहसास दिलाना चाहते हैं कि भले ही वे चुनाव के मैदान में अपनी सरकार आने पर भ्रष्टाचार खत्म करने का दावा करते हों लेकिन सभी सरकारें भ्रष्टाचारियों के साथ खड़ी हो जाती हैं। 

4000 सार्वजनिक भूमि पर कब्जा के खिलाफ धरना

शामली के गांव चौसाना के एक साधारण किसान परिवार में जन्मे मास्टर विजय सिंह (Master Vijay SIngh) ने 26 साल पहले गांव के दबंग विधायक के खिलाफ लगभग चार हजार बीघा सार्वजनिक भूमि कब्जाने की शिकायत की थी लेकिन तब सरकार में बैठे अधिकारियों ने मास्टर की शिकायत को अनसुना कर दिया। इसके बाद उन्होंने सत्याग्रह का रास्ता अपनाया और 26 फरवरी 1996 को चौसाना क्षेत्र की चार हजार बीघा सरकारी व सार्वजनिक जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग को लेकर मुजफ्फरनगर के जिला कलेक्टर के सामने धरना शुरु कर दिया। 

सत्ताधारी पार्टी में शामिल हो जाता था विधायक

इस दौरान मास्टर विजय सिंह को कई मुसीबतों का सामना करना पड़ा क्योंकि जिस व्यक्ति पर जमीन कब्जाने का आरोप था वह विधायक बन चुका था। उत्तर प्रदेश में जिसकी सरकार बनती थी आरोपी उसी सरकार में शामिल हो जाता था। 

माफियाओं-प्रशासन की मिलीभगत से रुक गई कार्रवाई

मास्टर विजय सिंह का आरोप है कि इसी वजह से आज तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बसपा सरकार के दौरान कुछ जमीन कब्जा मुक्त हुई थी मगर उसके बाद फिर माफियाओं की प्रशासन के साथ मिलिभगत के चलते कार्रवाई बीच में रुक गई।

अखिलेश योगी के खिलाफ प्रचार करेंगे मास्टर

मास्टर विजय सिंह के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सरकार में रहते हुए मामले की जांच कराई, जांच में पूरा मामला सामने आया लेकिन उसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिस वजह से मास्टर अखिलेश यादव से भी नाराज हैं और इसी वजह से उन्होंने करहल में उनके खिलाफ प्रचार का मन बनाया है। वहीं उत्तर प्रदेश की वर्तमान मुख्यमंत्री योगी के खिलाफ उन्होंने चुनाव लड़ने का फैसला किया है। 

बना चुके हैं वर्ल्ड रिकॉर्ड

मास्टर विजय सिंह 26 साल से धरना दे रहे हैं जिसके चलते उनका धरना लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड, वर्ल्ड रिकॉर्ड इंडिया और मीरा सेल्स ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो चुका है। 

Tags:    

Similar News