MLA Surendra Singh UP Election 2022 : विवादित बयानों के लिए चर्चित विधायक सुरेंद्र सिंह का BJP आलाकमान ने काटा टिकट, अब निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव

MLA Surendra Singh UP Election 2022 : बलिया से मौजूदा विधायक सुरेंद्र सिंह का भाजपा आलाकमान ने टिकट काट दिया है, अब उन्होेंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है...

Update: 2022-02-07 08:33 GMT

MLA Surendra Singh UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार जोरों पर है। वहीं इस बीच पार्टियां अपने अपने उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर चुकी हैं। वहीं भाजपा (BJP) से टिकट कटने के बाद कई विधायकों के बागी तेवर भी देखने को मिले हैं। इसी कड़ी में बलिया (Balia) के वर्तमान विधायक सुरेंद्र सिंह का भी नाम जुड़ गया है। टिकट कटने के बाद सुरेंद्र सिंह (MLA Surendra Singh) ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

बता दें कि सुरेंद्र सिंह पांच साल जबसे विधायक हैं विवादित बयान देते रहे हैं। इस दौरान पार्टी ने उनपर कोई कार्रवाई नहीं की। लेकिन अब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा आलाकमान ने उनका टिकट काट दिया है। इस स्थिति में मौजूदा विधायक सुरेंद्र सिंह ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

सुरेंद्र सिंह ने रविवार को अपने ट्वीट में लिखा- बैरिया विधानसभा क्षेत्र की सम्मानित जनता से निवेदन है कि मैं 8 फरवरी को निर्दलीय नामांकन करूंगा। आप सभी अपना आशीर्वाद और हमें प्रदान करें।

इससे पहले भाजपा ने 6 फरवरी को उम्मीदवारों की आठवीं सूची जारी की थी। इसमें 45 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई। इस सूची में केवल 7 महिलाएं हैं। वहीं पार्टी अबतक 340 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर चुकी है।

उत्तर प्रदेश की 403 सीटों वाली विधानसभा के लिए सात चरणों में मतदान होना है। पहले  चरण का चुनाव तीन दिन बाद 10 फरवरी को होना है। 10 मार्च को चुनाव के नतीजे सामने आ जाएंगे।

विधायक सुरेंद्र सिंह के विवादित बयानों की लंबी फेहरिस्त हैं। दिसंबर 2021 में उन्होंने समाजवादी पार्टी की नेता जया प्रदा को लेकर टिप्पणी की थी कि पहले तपस्वी श्राप या आशीर्वाद देते थे, कलयुग में अब नर्तकी भी श्राप देने लगी हैं। भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि यही कलयुग का असली स्वरूप है। इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के सीनियर लीडर दिग्विजय सिंह की दूसरी शादी पर भी टिप्पणी की थी। सुरेंद्र सिंह ने कहा था कि लड़कियों की शादी की उम्र जरूर 21 साल होनी चाहिए, लेकिन इसके साथ ही 50 साल के बाद पुरुषों के शादी न करने का भी कानून बनना चाहिए। यह भी एक सामाजिक कुरीति है। उन्‍होंने कहा कि हमारे नेता लोग, जैसे दिग्विजय सिंह को देखें ही होंगे उन्‍होंने 70 साल की उम्र में 25 साल की लड़की से शादी की।

जनवरी 2021 में विधायक सुरेंद्र सिंह ने असदुद्दीन ओवैसी को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा था कि असदुद्दीन ओवैसी आधुनिक भारत में मोहम्मद अली जिन्ना के विचार का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके रगों में जिन्ना का खून बह रहा है। वह औरंगजेब की औलाद है।

Tags:    

Similar News