Pilibhit News: पीलीभीत के विक्की देंगे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी को चुनौती, सपा ने बनाया प्रत्याशी, जानिए क्या हैं सियासी समीकरण

Pilibhit News: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की सीमा से सटी उत्तराखंड (Uttarakhand) की महत्वपूर्ण विधानसभा सीट खटीमा (Khatima) में सूबे की भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पड़ोसी जनपद पीलीभीत के व्यापारी नेता विजयपाल सिंह विक्की (Vijay Pal Singh Vikky) समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) से चुनौती देंगे।

Update: 2022-01-20 16:52 GMT

Pilibhit News: पीलीभीत के विक्की देंगे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी को चुनौती, सपा ने बनाया प्रत्याशी, जानिए क्या हैं सियासी समीकरण

पीलीभीत से निर्मल कांत शुक्ल की रिपोर्ट

Pilibhit News: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की सीमा से सटी उत्तराखंड (Uttarakhand) की महत्वपूर्ण विधानसभा सीट खटीमा (Khatima) में सूबे की भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पड़ोसी जनपद पीलीभीत के व्यापारी नेता विजयपाल सिंह विक्की (Vijay Pal Singh Vikky) समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) से चुनौती देंगे। उत्तराखंड समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को उनके नाम का ऐलान कर दिया।

Full View

खटीमा विधानसभा सीट उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में आती है। 2017 में खटीमा में कुल 36.51 प्रतिशत वोट पड़े। 2017 में भारतीय जनता पार्टी से पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के भुवन चंद्र कापड़ी को 2709 वोटों के अंतर से हराया था। श्री धामी वर्तमान में उत्तराखंड सरकार के मुख्यमंत्री हैं। वह लगातार तीसरी बार खटीमा सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। लगातार 2 बार से इस सीट पर विधायक हैं। खटीमा विधानसभा सीट नैनीताल-उधमसिंह नगर के अंतर्गत आती है। उत्तराखंड की सभी सीटों पर 14 फरवरी को मतदान होना है। उत्तराखंड समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को 21 प्रत्याशियों की सूची जारी की है, उसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र से पड़ोसी जनपद पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के विजय पाल सिंह विक्की को समाजवादी पार्टी से टिकट दिया गया है।

जानिए कौन हैं विजय पाल सिंह विक्की

52 वर्षीय विजय पाल सिंह विक्की उत्तर प्रदेश के जनपद पीलीभीत की तहसील पूरनपुर के रहने वाले हैं। उनकी पहचान एक समाजसेवी के रूप में भी है। पूरनपुर में उनका ट्रांसपोर्ट आदि का कारोबार है। कारोबार को लेकर उनका पूरनपुर से मात्र 35 किलोमीटर की दूरी पर स्थित उत्तराखंड के जनपद उधम सिंह नगर की तहसील खटीमा से सीधा जुड़ाव है। भौगोलिक स्थिति में खटीमा और पीलीभीत के जंगल आपस में जुड़े हुए हैं। वर्तमान में विक्की उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश मंत्री हैं। इसके अलावा आनंदपुर सत्संग आश्रम खमरिया पट्टी पूरनपुर के अध्यक्ष, नवीन मंडी समिति आढ़ती संघ पूरनपुर के पूर्व अध्यक्ष, रेलवे परामर्श दात्री बोर्ड इज्जत नगर मंडल के पूर्व सलाहकार सदस्य, मिनी ट्रक यूनियन पूरनपुर के पूर्व अध्यक्ष हैं। उनका पूरनपुर में प्रिंटिंग का भी कारोबार है।

4 माह पहले कांग्रेस छोड़कर सपा में हुए शामिल

व्यापारी नेता विजय पाल सिंह विक्की पिछले कई दशक से उत्तर प्रदेश में कांग्रेस में रहकर सियासत कर रहे थे। वह कांग्रेस के कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे। अब से 4 माह पहले उन्होंने उत्तराखंड में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली थी और मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र खटीमा से टिकट की दावेदारी की। खटीमा पंजाबी बाहुल्य विधानसभा क्षेत्र है। विजयपाल सिंह विक्की इसी समुदाय से आते हैं। हालांकि विजय पाल सिंह विक्की पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। मगर वह कहते हैं कि उनके खटीमा क्षेत्र में हिंदू, मुस्लिम, थारू, सिख, पंजाबी व पर्वतीय लोगों से व्यापारिक संबंध हैं। सभी का सहयोग, समर्थन और आशीर्वाद मिलने की पूरी संभावना है।

2017 में सपा को मिले थे मात्र 115 वोट

खटीमा विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी का अपना कोई जनाधार नहीं है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर समाजवादी पार्टी में विनोद भट्ट को प्रत्याशी बनाया था। विनोद भट्ट की जमानत जब्त हो गई थी। समाजवादी पार्टी इस सीट पर सबसे कम वोट मात्र 0.14 % मत पाने वाली पार्टी थी। 2022 के चुनाव में पार्टी का इस सीट पर वोट प्रतिशत बढ़ता है या नहीं, यह तो 10 मार्च को ही पता चलेगा।

Tags:    

Similar News