UP Election 2022 : 'उन्होंने 2 सीटें मांगी थीं..फिर पलट गए, कोई साजिश लगती है', चंद्रशेखर की पार्टी से गठबंधन के सवाल पर बोले अखिलेश

UP Election 2022 : अखिलेश यादव ने आगे कहा कि यह उनकी कोई साजिश लगती है, इसमें समाजवादी पार्टी का क्या दोष? उन्हें दो सीटें ऑफर की थीं, यदि वे भाई बनकर मदद करना चाहते हैं तो करें...

Update: 2022-01-17 15:18 GMT

UP Election 2022 :  उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने सोमवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की। इस दौरान उन्होंने आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद (Chandrashekhar Azad) के गठबंधन के सवालों का जवाब दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी चुनाव के लिए बड़े-बड़े षड़यंत्र और साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह उन्होंने दो सीटें मांगी थी, मैंने स्वीकार कर लिया। उसके बाद उन्होंने कहा कि हम दो सीट पर लड़ नहीं सकते। हमारे संगठन में आपस में सहमति नहीं है।

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि यह उनकी कोई साजिश लगती है। इसमें समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) का क्या दोष? उन्हें दो सीटें ऑफर की थीं। यदि वे भाई बनकर मदद करना चाहते हैं तो करें।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का पुराना इतिहास उठाकर देखें। भीमराव अंबेडकर जी के साथ राममनोहर लोहिया जी मिलकर काम करना चाहते थे। अखिलेश यादव ने अपने हाथों में अन्न लेकर संकल्प लिया और कहा कि किसानों का धन्यवाद, जिनके संघर्ष के आगे आखिरकार केंद्र सरकार को झुकना पड़ा, जो लोग किसानों को आतंकी कहते थे, मवाली कहते थे, आज वे कह रहे हैं कि किसानों के हित में कानून वापस लिए हैं। हम संकल्प लेते हैं कि जिन्होंने किसानों पर अत्याचार किया है, उन्हें हराएंगे, हटाएंगे। किसानों का भुगतान 15 दिन में किया जाएगा। किसानों से हमारा आग्रह है कि वे इस आंदोलन को आगे बढ़ाएं।

उन्होने आगे कहा कि सत्ता में आने पर किसानों पर लगे सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे और जिन किसानों ने आंदोलन के दौरान जान गंवाई उनके परिजनों को 25-25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सपा हर वो काम करेगी जिससे किसानों में खुशहाली आए।

उन्होंने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा को बताना चाहिए कि किसानों की आय दोगुनी क्यों नहीं हुई? उन्होंने वादा किया था कि 2022 में किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी। पर अब तक नहीं हुई, बल्कि डीजल पेट्रोल के दाम बढ़ा दिए गए।

Tags:    

Similar News