UP Election 2022 : सपा कार्यालय में वर्चुअल रैली पर FIR, स्वामी प्रसाद मौर्य का पलटवार- हजारों लोगों के बीच खिचड़ी खाने वाले योगी पर हो कार्रवाई

UP Election 2022 : स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगर मुकदमा लिखा जा रहा है तो सबसे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर मुकदमा दर्ज हो, मुख्यमंत्री खुद आचार संहिता तोड़ रहे हैं.....

Update: 2022-01-14 15:09 GMT

सपा कार्यालय में वर्चुअल रैली पर एफआईआर, स्वामी प्रसाद मौर्य का पलटवार

UP Election 2022 : लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग पर स्थित समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के कार्यालय पर शुक्रवार को सदस्यता ग्रहण का आयोजन किया गया। पुलिस का कहना है कि कोविड प्रोटोकॉल और धारा 144 का खुला उल्लंघन किया गया। इस मामले में पुलिस कमिश्नर के आदेश पर गौतमपल्ली थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं सपा में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्य (Swami Prasad Maurya) ने पलटवार किया है।

मौर्य ने कहा, आज गोरखपुर में मुख्यमंत्री ने हजारों लोगों के साथ खिचड़ी खाई उनपर मुकदमा दर्ज होना चाहिए। अगर मुकदमा लिखा जा रहा है तो सबसे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) पर मुकदमा दर्ज हो। मुख्यमंत्री खुद आचार संहिता तोड़ रहे हैं। उन्होंने सार्वजनिक रूप से हजारों लोगों के बीच खिचड़ी खाई है।

भारतीय जनता पार्टी छोड़कर गए कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या, धर्म सिंह सैनी सहित कई नेता समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने जा रहे थे। इसके लिए शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के मुख्यालय विक्रमादित्य मार्ग पर समारोह का आयोजन किया गया था। जिसमें इन नेताओं ने अपनी ताकत का अहसास भी कराया। जिसके लिए हजारों की भीड़ जुटाई गई। वहां कार्यालय परिसर से लेकर बाहर मुख्य सड़क तक भीड़ जमा हो गई थी।

सपा कार्यालय में वर्चुअल रैली को लेकर लखनऊ के डीएम अभिषेक प्रकाश ने कहा कि समाजवादी पार्टी की वर्चुअल रैली बिना अनुमति के आयोजित की गई थी। सपा दफ्तर में पुलिस टीम भेजी गई है। जरूरी ऐक्शन लिया जाएगा।

स्वामी प्रसाद मौर्य अपने सहयोगी विधायकों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर हमले बोले। मौर्य ने कहा कि 144 जनवरी मकर संक्रांति का दिन भाजपा के अंत का इतिहास लिखने जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेरे इस्तीफे के बाद भाजपा नेताओं को रात को नींद नहीं आ रही है।

मौर्य ने आगे कहा कि भाजपा गरीबों, मजदूरों और अल्पसंख्यकों की आंख में धूल झोंककर सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि सरकार पिछड़ों ने बनाई और अगड़े सत्ता की मलाई खा रहे हैं। 

Tags:    

Similar News