UP Election 2022 : भाजपा में भगदड़, अब गुर्जर नेता व विधायक अवतार ने भी छोड़ी पार्टी, दो दिन में 5 बड़े नेताओं ने दिया झटका

UP Election 2022 : गुर्जर नेता व विधायक अवतार सिंह भड़ाना राष्ट्रीय लोकदल में शामिल हो गए हैं। उन्होंने जयंत चौधरी से मुलाकात की....

Update: 2022-01-12 07:30 GMT

गुर्जर नेता अवतार सिंह आरएलडी में शामिल

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अंदर भगदड़ मच गई है। मंगलवार को योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्या ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया और फिर सपा में शामिल हो गए। दो दिन के भीतर पांच भाजपा विधायक इस्तीफा दे चुके हैं। वहीं एक दिन बाद गुर्जर नेता व विधायक अवतार सिंह भड़ाना (Avtar Singh Bhadana) ने भी पार्टी छोड़ दी है। अवतार सिंह अब आरएलडी (RLD) में शामिल हो गए हैं। 

राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयंत चौधरी से उन्होंने मुलाकात की। वहीं आरएलडी अध्यक्ष ने उनका पार्टी में स्वागत किया। जयंत चौधरी ने तस्वीर शेयर कर भड़ाना का स्वागत किया है।

अवतार सिंह भड़ाना पश्चिम यूपी में भाजपा को मजबूती प्रदान करने वाले नेता के रूप में जाने जाते थे। किसान आंदोलन के बाद भाजपा का पश्चिम यूपी में प्रदर्शन काफी कमजोर रहने की आशंका जताई जा रही है। इसी क्षेत्र से यूपी के सात चरणों के चुनाव की शुरुआत होनी है। ऐसे में अवतार सिंह के पार्टी छोड़ने से भाजपा को बड़ा झटका लगा है। 

पश्चिमी यूपी के मीरापुर से विधायक अवतार सिंह भड़ाना ने पिछले साल किसान आंदोलन में भाजपा का किसान विरोधी रुख देखते हुए किसान आंदोलन का समर्थन कर भारतीय जनता पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था। गुर्जर समुदाय के बड़े नेता व मेरठ और फरीदाबाद से सांसद रहे अवतार सिंह भड़ाना किसान आंदोलन के दौरान काफी सक्रिय रहे। भाजपा छोड़ने के बाद वह पिछले कुछ समय से समुदाय को एकजुट करने की कोशिशों में जुटे हुए थे।

आरएलडी सूत्रों का कहना है कि भड़ाना रालोद के टिकट पर एक बार फिर मीरापुर से चुनाव लड़ सकते हैं। जबकि गौतमबुद्धनगर की जेवर विधानसभा सीट से भड़ाना के चुनाव लड़ने की चर्चा है।

भाजपा को दो दिनों के भीतर पांच बड़े नेताओं ने झटका दिया है। इससे पहले कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने इस्तीफा दिया था। उनके इस्तीफे के बाद बांदा के तिंदवारी विधानसभा सीट से विधायक ब्रजेश प्रजापति ने इस्तीफा दिया था। इसके अलावा शाहजहांपुर की तिलहर सीट से विधायक रोशनलाल वर्मा औऱ कानपुर के बिल्हौर से विधायक भगवती प्रसाद सागर ने इस्तीफा दिया।  

Tags:    

Similar News