UP Election 2022 : सोनभद्र में प्रियंका गांधी बोलीं- कांग्रेस की सरकार बनने पर लाएंगे भर्ती क्रांति, इन मुद्दों पर BJP को घेरा

UP Election 2022 : सोनभद्र ओबरा विधानसभा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने किसानों, नौजवानों, छोटे व्यापारियों और महिलाओं को सशक्त बनाने पर जोर दिया है...

Update: 2022-03-03 13:36 GMT

सोनभद्र में प्रियंका गांधी बोलीं- कांग्रेस की सरकार बनने पर लाएंगे भर्ती क्रांति, इन मुद्दों पर BJP को घेरा

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में छठे चरण की वोटिंग के दौरान सोनभद्र ओबरा विधानसभा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने किसानों, नौजवानों, छोटे व्यापारियों और महिलाओं को सशक्त बनाने पर जोर दिया है। इसके साथ ही प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार की नीति और नियत पर सवाल उठाते हुए कहा है कि हम यूपी में विकास की राजनीति करना चाहते हैं।

सरकार बनने पर लाएंगे भर्ती क्रांति

बता दें कि चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। अपने संबोधन में प्रियंका गांधी ने कहा कि 'हम विकास की राजनीति करना चाहते हैं। ऐसी राजनीति जिसमें जाति धर्म की बजाय रोजगार की बात हो। अच्छी शिक्षा, अच्छे स्वास्थ्य, लाभ परख खेती की बात हो। अगर आप कांग्रेस की सरकार यूपी में लाते हैं तो दशकों के बाद ऐसी सरकार देखेंगे, जो आपके हित के लिए दिन रात काम करती दिखेगी।' इसके साथ ही प्रियंका गांधी ने कहा कि यूपी में कांग्रेस की सरकार बनने पर युवाओं के लिए भर्ती क्रांति लाएंगे।

महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर बीजेपी को घेरा

बता दें कि ओबरा के रामलीला मैदान में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने महंगाई, बेरोजगारी और छुट्टा पशुओं की समस्या पर भाजपा सरकार को निशाने पर रखा और कहा कि सरकारी विभागों में 12 लाख पद खाली है। 5 साल तक इन्होंने ये पद नहीं भरे, मगर अब चुनाव आने पर रोजगार देने की बात कर रहे हैं। इसके साथ ही प्रियंका गांधी ने कहा कि छोटे व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होते हैं। इस सरकार ने रीढ़ को ही कमजोर कर दिया है। जो खुद कमजोर हो गया, वह दूसरों को रोजगार कहां से दे पाएगा। प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि यूपी सरकार की गलत नीतियों से यहां छुट्टा पशुओं की समस्या है।

कांग्रेस की सरकार में महंगाई होगी कम

अपने संबोधन में प्रियंका गांधी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी यही समस्या थी लेकिन वहां की सरकार ने इसके लिए नीति बनाई। 2 रुपए पर गोबर खरीदने की योजना से लोगों ने छुट्टा पशुओं को अपने पास रखना शुरु किया। समस्याएं दूर तभी होंगे जब सरकार की नीति और नियत ठीक होगी। भाजपा सरकार के लोग चुनाव के समय आपके बीच आकर मुफ्त राशन, नमक और खाते में पैसे देने का याद दिला रहे हैं। उनकी सोच क्या है, इससे आप समझ सकते हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो हम भर्ती क्रांति लाएंगे। परीक्षा और नियुक्ति की प्रक्रिया में सिर्फ छह माह का अंतर होगा। अगर कोई अधिकारी इसमें फेरबदल करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए भी कानून लाएंगे। परीक्षा में शामिल होने के लिए यात्रा मुफ्त होगी।

लोकतंत्र में वोट की ताकत सबसे बड़ी

वहीं घोषणा पत्र में किए गए वादे गिनाते हुए प्रियंका ने कहा कि हम नहीं चाहते कि आप पिछड़े और गरीब बने रहें, ताकि कोई आपका फायदा उठा सके। आप सशक्त बनिए, अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाइए। लोकतंत्र में वोट की ताकत सबसे बड़ी होती है। साथ ही प्रियंका गांधी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि अपना वोट जिम्मेदारी के साथ ऐसे व्यक्ति को दीजिए, जो आपकी समस्याओं का समाधान ढूंढे और उसे दूर कराने के लिए लड़ सके।

Tags:    

Similar News