Uttarakhand Election 2022 : भाजपा की पहली लिस्ट में यह नाम लगभग तय, औपचारिक घोषणा होने बाकी

Uttarakhand Election 2022 :आज शनिवार को देहरादून में प्रत्याशी चयन की अंतिम बैठक चल रही है। प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप और प्रदेश संसदीय समिति की बैठक में प्रत्याशियों के दावेदारों के पैनल को अंतिम रूप देकर रविवार को दिल्ली में केंद्रीय संसदीय बोर्ड को सौंप दिया जायेगा।

Update: 2022-01-15 08:57 GMT

सलीम मलिक की रिपोर्ट

Uttarakhand Election 2022 : विधानसभा चुनाव के लिए कई स्तर के मंथन के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने प्रत्याशियों की पहले चरण की सूची जारी करने के लिए होमवर्क पूरा कर लिया है। पार्टी ने अपने मुख्य व निर्विवाद चेहरों को इस सूची में शामिल किया है। इनकी संख्या 27 बताई जा रही है। इन प्रत्याशियों के टिकट लगभग तय हैं और पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड से उनके नाम का केवल औपचारिक एलान होना बाकी है।

आज शनिवार को देहरादून में प्रत्याशी चयन की अंतिम बैठक चल रही है। प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप और प्रदेश संसदीय समिति की बैठक में प्रत्याशियों के दावेदारों के पैनल को अंतिम रूप देकर रविवार को दिल्ली में केंद्रीय संसदीय बोर्ड को सौंप दिया जायेगा। भाजपा दो चरणों में प्रत्याशियों की सूची जारी करेगी। पहली नामांकन प्रक्रिया शुरू होने (21 जनवरी) से पहले और दूसरी सूची 25 जनवरी तक जारी की जा सकती है।

विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की गंभीरता का स्तर यह है कि कई तरह के सर्वे के बाद भी पार्टी ने प्रत्याशियों के चयन के मद्देनजर पैनल तैयार करने के लिए कुछ दिन पहले भी पार्टी के प्रांतीय पदाधिकारियों को पार्टी कार्यकर्ताओं की राय लेने व ज़मीनी सच्चाई जानने के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में भेजा था। ग्राउंड ज़ीरो से मिले फीडबैक को आधार बनाकर पार्टी ने 185 नामों को विचार के लायक मानते हुए इन पर माथापच्ची की थी। कुछ ही सीटें ऐसी रही जिनके पैनल में एक-एक ही नाम है, अन्यथा सभी सीटों पर एक से अधिक नाम इस पैनल में शामिल हैं।

शनिवार को प्रदेश मुख्यालय में कोर ग्रुप की इस बैठक में दावेदारों के नाम छलनी से गुजरकर देर शाम होने वाली पार्टी की प्रदेश संसदीय समिति की बैठक में मुहर के लिए पेश होंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार रविवार को यह सूची दिल्ली में केंद्रीय संसदीय बोर्ड को सौंपी जाएगी। 18 अथवा 19 जनवरी को भाजपा के केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें इस सूची को फाइनल रूप दिया जाएगा। क्योंकि नामांकन प्रक्रिया 21 जनवरी से शुरू होनी है, इसलिए यह तय है कि इससे पहले ही केंद्रीय नेतृत्व प्रत्याशियों की वह पहली सूची जारी कर देगा जो विवादरहित हैं। पार्टी के अंदर के सूत्र इनकी संख्या 27 बता रहे हैं। शेष 43 प्रत्याशियों सूची दूसरे चरण में जारी की जाएगी।

पहली सूची में जो टिकट माने जा रहे हैं उनमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, बंशीधर भगत, सुबोध उनियाल, डा. हरक सिंह रावत, स्वामी यतीश्वरानंद, बिशन सिंह चुफाल, रेखा आर्य, अरविंद पांडेय, गणेश जोशी, डा. धन सिंह रावत, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक, विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, चंदन रामदास, सौरभ बहुगुणा, राजेश शुक्ला, कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, महेश जीना, चंद्रा पंत, डा. प्रेम सिंह के अलावा कुछ समय पहले भाजपा में शामिल हुए विधायक प्रीतम पंवार व पूर्व विधायक राजकुमार के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक का कहना है कि भाजपा के कोर ग्रुप और प्रदेश संसदीय समिति की शनिवार को बैठकें होंगी, जिनमें गहन विचार-विमर्श के बाद दावेदारों के पैनल को अंतिम रूप दिया जाएगा। फिर इसे केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा। किसे टिकट देना है और किसे नहीं, ये तय करना पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड का काम है।

Tags:    

Similar News