बिहार चुनाव : पहले चरण के लिए 71 सीटों पर मतदान शुरू, मांझी सहित कई बड़े नेताओं के परिजनों के भाग्य का होगा फैसला
बिहार चुनाव के लिए पहले चरण में 71 सीटों के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। पहले में मगध, अंग क्षेत्र व भोजपुर क्षेत्र के 17 जिलों में मतदान हो रहा है...
File photo
जनज्वार। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के लिए पहले चरण में 71 सीटों पर मतदान बुधवार की सुबह सात बजे शुरू हो गया। इस चरण में मध्य, पश्चिमी व दक्षिणी बिहार के 16 जिलों की 71 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है। इस चरण में 71 सीटों के लिए 1066 उम्मीदवार मैदान में हैं। पहले चरण में 57 सामान्य सीटें, 13 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटें और एक कटोरिया अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटें हैं।
इस चरण में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले एनडीए और तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन के कई जगहों पर चिराग पासवान की लोजपा और उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व वाले गठबंधन से चुनौती मिल रही है। इस चरण में पटना, गया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, पटना, भोजपुर, बक्सर, सासाराम, कैमूर, अरवल, जहानाबाद, औरंगाबाद, नवादा व जमुई जिले में मतदान हो रहा है।
इस चरण मेें पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, बिहार विधानसभा के पूर्व स्पीकर उदय नारायण चौधरी, भाजपा से निष्कासित व लोजपा प्रत्याशी राजेंद्र सिंह, दिग्वियज सिंह की बेटी श्रेयसी सिंह, नरेंद्र सिंह के दोनों बेटों अजय प्रताप व सुमित, राजद नेता जयप्रकाश नारायण यादव के भाई विजय प्रकाश व बेटी, शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा, पुलुरल्स पार्टी की पुष्पम प्रिया जैसे प्रमुख प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है।
चुनाव को लेकर सभी बूथों पर सैनेटाइजर का प्रबंध किया गया है। मास्क पहनना भी अनिवार्य किया गया है। सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
नौ बजे तक बिहार में पहले चरण के लिए कुल 6.74 प्रतिशत मतदान हुआ है। सबसे अधिक बांका में 9.7 प्रतिशत हुआ है।