बिहार चुनाव: पूर्णिया में सुरक्षाबलों की हवाई फायरिंग, अररिया में भी झड़प

इस बीच पूर्णिया जिला के धमदाहा विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षा बल के जवानों द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने की खबर है, अररिया जिला में भी मतदाताओं और सुरक्षा बल के जवानों के बीच झडप की सूचना है...

Update: 2020-11-07 08:42 GMT

Photo:social media

जनज्वार ब्यूरो, पटना। बिहार विधानसभा चुनावों के तीसरे चरण में आज 15 जिलों की 78 सीटों पर वोटिंग हो रही है। सुबह कुछ बूथों पर ईवीएम खराबी की शिकायतें आईं थीं। इस बीच पूर्णिया जिला के धमदाहा विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षा बल के जवानों द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने की खबर है। अररिया जिला में भी मतदाताओं और सुरक्षा बल के जवानों के बीच झडप की सूचना है।

बताया जा रहा है कि पूर्णिया के धमदाहा विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 282 पर मतदाताओं की लंबी कतार लगी हुई थी। कहा जा रहा है कि इस बूथ पर भीड़ को देखते हुए सुरक्षा बल के रूप में तैनात सीआईएसएफ के जवानों द्वारा सोशल डिस्टेनसिंग का पालन किए जाने की अपील लोगों से की जा रही थी। जिसे कुछ लोग मान नहीं रहे थे। इसके बाद वहां हंगामा मच गया।

आरोप है कि हंगामा शांत कराने की कोशिश कर रहे सुरक्षा बल के जवानों को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पीट दिया गया। इसके बाद सीआईएसएफ के जवानों द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने की खबर है। स्थानीय पुलिस की ओर से जानकारी दी गई है कि इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी ने घटना की पुष्टि की है। यहां मतदान हालांकि जारी है।

उधर अररिया विधानसभा क्षेत्र के सिकटी स्थित बूथ संख्या 51 पर भी सुरक्षाबलों और लोगों के बीच झड़प की सूचना है। इस बूथ पर वोटरों ने सुरक्षा बल पर मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। यहां कुछ देर तक मतदान बाधित रहने की भी खबर है। हालांकि अब मतदान शुरू हो चुका है।

इस चरण में कुल 1204 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1094 पुरुष और 910 महिला प्रत्याशी हैं। तीसरे चरण के मतदान में कुल 2,35,54,071 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 1,23,25,780 पुरुष मतदाता हैं, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 1,12,05,378 है। इस अंतिम चरण में ट्रांसजेंडर मतदाताओं की कुल संख्या 894 है। वहीं सर्विस वोटर्स की कुल संख्या 22,019 है। सर्विस वोटर्स में 21,019 पुरुष और 1000 महिला मतदाता शामिल हैं।

Tags:    

Similar News