तेजस्वी के 10 लाख नौकरी वाली घोषणा को धोखा बताते हुए गिरिराज सिंह ने फिर छेड़ा जनसंख्या नियंत्रण का राग

उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के उस बयान पर निशाना साधते हुए यह बात कही है, जिसमें तेजस्वी यादव ने अपनी सरकार बनने पर पहली कैबिनेट की बैठक में 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है...

Update: 2020-10-15 06:37 GMT

बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और केंद्रीय राज्यमंत्री गिरिराज सिंह (File photo)

जनज्वार ब्यूरो, पटना। बिहार चुनावों के बीच केंद्रीय राज्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने फिर से जनसंख्या नियंत्रण का राग छेड़ दिया है। इस बार उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के उस बयान पर निशाना साधते हुए यह बात कही है, जिसमें तेजस्वी यादव ने अपनी सरकार बनने पर पहली कैबिनेट की बैठक में 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है।

गिरिराज सिंह ने कहा है कि राजद द्वारा 10 लाख रोजगार हर साल देने का सपना दिखाना बेमानी और धोखा है, जबतक जनसंख्या पर नियंत्रण न किया जाय।

गिरिराज सिंह ने कहा 'सन 2000 में बिहार-झारखंड विभाजन के बाद बिहार की जनसंख्या 8करोड़+ थी. अब 12 करोड़ + है। औसत वृद्धि 20लाख/साल है। RJD द्वारा दस लाख रोजगार हर साल का सपना दिखाना बैमानी है और धोखा है। बिना जनसंख्या नियंत्रण के ये संभव नहीं और RJD अपने मजबूरियों के कारण चुनाव में इसपे बात नहीं कर सकती।'

वैसे गिरिराज सिंह अक्सर ऐसे बयान देते रहते हैं। इससे पहले भी जनसंख्या नियंत्रण को लेकर वे कानून बनाने की मांग कर चुके हैं। उस वक्त उनके बयान पर विवाद भी हुआ था और विपक्षी दलों ने अपनी प्रतिक्रिया दी थी।

बीते 11 जुलाई को गिरिराज सिंह ने कहा था 'अगर हमें विकसित देशों के समकक्ष खड़ा होना है तो जनसंख्या नियंत्रण कानून लाना ही होगा। एक ऐसा सख्त अधिनियम, जो इस देश के हर व्यक्ति पर लागू हो, चाहे वे किसी भी धर्म का पालन करते हों। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों ने अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के साथ देश की आर्थिक व सामाजिक विकास की कई योजनाओं को बाधित किया है। इन सबके बीच देश की बढ़ती आबादी एक बड़ी चुनौती है।'

उस वक्त उन्होंने चीन का उदाहरण देते हुए कुछ आंकड़े भी दिए थे। उन्होंने कहा था इसे कोई राजनैतिक और धार्मिक रुप में न ले। आज हमारी जनसंख्या विश्व की 18 प्रतिशत है और जमीन 2 प्रतिशत। पानी 4 प्रतिशत है। चीन ने 1979 में ही जनसंख्या नियंत्रण कानून ला दिया, नहीं तो उसकी जनसंख्या आज 60 करोड़ ज्यादा होती। लिहाजा हमें भी सख्त जनसंख्या नियंत्रण कानून लाकर उसका सख्ती से अनुपालन कराना चाहिए।'

Tags:    

Similar News